कानपुर। देश में अधिकांश राज्य इन दिनों घने कोहरे और ठंड की चपेट में हैं। भारतीय माैसम विज्ञान विभाग के मुताबिक उत्तरी राजस्थान में 4 दिनों तक सुबह के समय घना कोहरा और शीत लहर चलने की संभावना है। वहीं अगले दो दिनों के दौरान बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के अलावा सिक्किम, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहेगा। इसके अलावा आज से अगले 48 घंटे तक पूर्व और आसपास के मध्य भारत में बिजली गरजने और ओलों की आशंका है।

आज इन राज्यों में हो सकती है बारिश

आज पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तर राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर शीत लहर चलने की आशंका है। वहीं पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में बहुत अधिक मात्रा में और उत्तर प्रदेश, उत्तरी राजस्थान, उत्तराखंड, बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, दक्षिण असम, मेघालय, मणिपुर और त्रिपुरा में कोहरा रहेगा। तमिलनाडु, पुदुचेरी और कराईकल में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर गरज के साथ बाैछार पड़ने की संभावना है।

National News inextlive from India News Desk