कानपुर। देश में इन दिनों उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के अधिकांश इलाके भीषण ठंड की चपेट में हैं। एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस उत्तरी पाकिस्तान और इससे सटे जम्मू कश्मीर के पास बना हुआ है। वेदर एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक इसके प्रभाव से विकसित हुआ चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र हरियाणा और इससे सटे उत्तर-पूर्वी राजस्थान पर है। उत्तरी गुजरात पर भी एक सर्कुलेशन बन गया है। इसके अलावा एक ट्रफ इन दोनों सिस्टमों को जोड़ रही है। एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उत्तरी ओडिशा और इससे सटे भागों पर है। इस सिस्टम से झारखंड और उत्तर प्रदेश होते हुए हरियाणा तक एक ट्रफ बन गई है।

आज यूपी समेत इन राज्यों में कुछ ऐसा रहेगा माैसम

आज जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। पंजाब में भी कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली में छिटपुट जगहों पर हल्की होने के आसार बने हैं। वहीं मध्य प्रदेश के कई हिस्सों, विदर्भ, मराठवाड़ा, तेलंगाना, झारखंड, ओडिशा, उत्तरी आंतरिक तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान में वृद्धि हो सकती है। वहीं दिन के तापमान में केवल उत्तर पश्चिम भारत के भागों में ही वृद्धि होगी।

National News inextlive from India News Desk