नई दिल्ली (एएनआई)। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है, क्योंकि शहर भीषण गर्मी से जूझ रहा है। हालांकि, 2 मई के बाद आगे बढ़ते पश्चिमी विक्षोभ के साथ तापमान में गिरावट की संभावना है। जिसके चलते बारिश और गरज का अनुमान है। राष्ट्रीय राजधानी के साथ-साथ पश्चिमी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और झारखंड के कुछ हिस्सों में अप्रैल के महीने में भीषण गर्मी पड़ रही है।

46 डिग्री सेल्सियस छू सकता है तापमान
आईएमडी द्वारा आज दोपहर 12:45 बजे एक बुलेटिन के अनुसार, कल (30 अप्रैल) पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों के साथ-साथ राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में भीषण लू चलती रहेगी। आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक, आरके जेनामणि ने बताया, 'दिल्ली में आज का तापमान 0.5-1 डिग्री बढ़ सकता है और कुछ स्टेशनों पर 46 डिग्री सेल्सियस को छू सकता है। हरियाणा के कुछ स्टेशनों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से अधिक हो सकता है। आज अधिकतम तापमान हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रहेगा।'

दो मई के बाद मौसम लेगा करवट
अधिकारी ने कहा कि दिल्ली और पश्चिमी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा पश्चिमी यूपी, मध्य प्रदेश और झारखंड के इलाकों के लिए 29 अप्रैल से 1 मई तक तीन दिनों के लिए 'येलो' चेतावनी जारी की गई है। आईएमडी के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि 2 मई से आगे बढ़ता पश्चिमी विक्षोभ संभावित गरज और बारिश ला सकता है। जेनामनी ने कहा, "तो, 2 मई से 4 मई तक तापमान 36 डिग्री से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा," आईएमडी ने कहा कि 30 अप्रैल को पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर धूल भरी आंधी चलने की संभावना है।

गर्मी से बचने के उपाय
मैदानी इलाकों में हीटवेव तब घोषित की जाती है जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक और सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री और पहाड़ी क्षेत्रों के लिए कम से कम 30 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक हो। जब दो दिनों तक अलग-अलग इलाकों में लू की स्थिति बनी रहती है तो येलो अलर्ट जारी किया जाता है। विशेषज्ञों ने लोगों को गर्मी के जोखिम से बचने, ठंडा रहने और डिहाइड्रेशन से बचने की सलाह दी। उन्होंने प्यास न होने पर भी पर्याप्त पानी पीने, गर्मी के संपर्क से बचने, हल्के रंग के, ढीले, सूती कपड़े पहनने और सिर को कपड़े, टोपी या छतरी आदि से ढकने की सलाह दी है।

National News inextlive from India News Desk