कानपुर। Weather Alert देश में आज अधिकांश इलाकों में मौसम सामान्य रहेगा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के वैज्ञानिकों के मुताबिक आज से अगले 24 घंटे तक छत्तीसगढ़, मध्य महाराष्ट्र और मराठावाड़ा कुछ जगहों पर मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। यहां अधिकांश स्थानों पर बादल रहेंगे। कई स्थानों पर गरज के साथ तेज हवाएं चलेंगी। यहां हवाओं की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से पहुंच सकती है। वहीं वेदर एजेंसी स्काईमेट के अनुसार देश के अधिकांश भागों में मौसम शुष्क होगा। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर में सभी जगहों पर जबकि मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में दिन और रात के तापमान में बढ़ोत्तरी देखने को मिलेगी। तेज हवाओं के बावजूद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रदूषण बढ़ सकता है।

पूर्वोत्तर में हो सकती है बारिश

हालांकि पूर्वी असम और अरुणाचल प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। वहीं मध्य प्रदेश के दक्षिण-पूर्वी हिस्सों, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में आज दोपहर से बारिश होने की संभावना है। इसी दौरान ओडिशा के आंतरिक हिस्सों और गंगीय पश्चिम बंगाल में भी छिटपुट बारिश के आसार हैं। वहीं वर्तमान में देश में बने मौसमी सिस्टर पर नजर डालें तो अलग-अलग जगहों पर अलग-अलग स्थितियां हैं। हरियाणा और इससे सटे भागों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक अन्य चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बांग्लादेश पर बना हुआ है। बंगाल की खाड़ी पर उत्तर-पश्चिमी भागों में एक विपरीत चक्रवाती क्षेत्र सक्रिय है। साथ ही एक ट्रफ उत्तरी आंतरिक कर्नाटक से केरल के तटों तक बनी हुई है।

National News inextlive from India News Desk