नई दिल्ली (पीटीआई)। Weather Update Today : देश की राजधानी दिल्ली और आस-पास के इलाकों में गुरुवार को अचानक से माैसम में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है। पिछले कुछ दिनों से यहां पर बढ़ते तापमान की वजह से काफी गर्मी हो रही थी लेकिन आज माैसम शुष्क बना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने कहा कि सुबह के समय "हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी राजस्थान में छिटपुट स्थानों पर घना कोहरा और बिहार और ओडिशा में हल्का से मध्यम कोहरा देखा गया। इस दाैरान राजधानी में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 29.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के पास पालम वेधशाला में विजिबिलिटी का लेवल घटकर 50 मीटर रह गया। हवाईअड्डे के एक अधिकारी ने कहा कि दिल्ली में खराब मौसम के कारण सात उड़ानें जयपुर डायवर्ट की गईं।

नमी में वृद्धि के कारण कोहरे छाया रहा

स्काईमेट वेदर के एक वरिष्ठ मौसम विज्ञानी महेश पलावत ने कहा कि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने वाले एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में पंजाब और हरियाणा के ऊपर एक साइक्लोन सर्कुलेशन डेवलप हुआ है। माैसम वैज्ञानिकों के मुताबिक गर्म और आर्द्र पूर्वी हवाएं और ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाएं साइक्लोन सर्कुलेशन की वजह से इस क्षेत्र में चल रही हैं। नमी में वृद्धि के कारण कोहरे छा रहा है। फरवरी में ऐसा मौसम आम नहीं है। घना कोहरा भी असामान्य है क्योंकि राजधानी में पिछले कुछ दिनों से तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है।

दिल्ली में तेजी से बढ़ रहा था तापमान

दिल्ली ने सोमवार को 1969 के बाद से तीसरा सबसे गर्म फरवरी का दिन दर्ज किया था, जो कि राष्ट्रीय राजधानी के प्राथमिक मौसम स्टेशन सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस था। मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री अधिक 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक वरिष्ठ मौसम विज्ञानी ने कहा कि ऐसा तापमान आमतौर पर मार्च के पहले पखवाड़े में देखा जाता है।

National News inextlive from India News Desk