नई दिल्ली (पीटीआई / आईएएनएस)। Weather Update Today : दिल्ली-एनसीआर व यूपी समेत देश के कई राज्यों में अचानक से माैसम बदल गया है। कई हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश होने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक दिल्ली, यूपी, बिहार, राजस्थान में बारिश का यह दौर अगले दो दिनों तक जारी रहेगा। राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। इसके साथ ही पूरे दिन तेज हवाओं के साथ बारिश होने के आसार हैं। एक दिन पहले सोमवार की बात करें तो दिल्ली का अधिकतम तापमान मौसम के औसत से चार डिग्री कम 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान मौसम के औसत तापमान से दो डिग्री कम 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

ये राज्य भी बारिश की चपेट में रहेंगे

मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी मध्य प्रदेश के अलावा असम, पश्चिम बंगाल और सिक्किम भी मंगलवार को बारिश की चपेट में रहेंगे। इसके अलावा, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, केरल और पश्चिमी हिमालय में कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश की आशंका है। वहीं मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने बिहार में भी बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई है। इसके चलते लोगों को अलर्ट रहने को कहा गया है। कुछ जिलों में मंगलवार को हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

ओडिशा और झारखंड में हालात गंभीर

हालांकि इस बीच ओडिशा और झारखंड में हालात गंभीर हैं। यहां पर भीषण गर्मी जारी है। जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कल यानी सोमवार को ओडिशा के कई जिलों का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रिकॉर्ड किया गया है। वहीं झारखंड में सोमवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री और इससे ऊपर रहा। इस बीच माैसम विभाग ने दोनों राज्यों में लू को लेकर अलर्ट जारी किया है।

National News inextlive from India News Desk