PATNA : गर्म कपड़े बॉक्स से निकालकर उसे तैयार रखें क्योंकि 14 दिसंबर से ठंठ आपको ठिठुरा सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के साथ 12 और 13 दिसंबर को प्रदेश के कई इलाकों में बादल छाए रहने और कुछ जगहों पर बूंदाबांदी होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि सितंबर में हुई भारी वर्षा के कारण प्रदेश की मिट्टी में पर्याप्त नमी बनी हुई है लेकिन तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। रविवार को पटना के तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की कमी रिकॉर्ड की गई। हालांकि सामान्य न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री की बजाय 14 डिग्री सेल्सियस रहा।

हो सकती बूंदाबांदी

रविवार को पटना की हवा में नमी की मात्रा 70 से 74 फीसदी के बीच रही। न्यूनतम तापमान 14 डिग्री और अधिकतम 27.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गया का न्यूनतम तापमान 12.7 डिग्री और अधिकतम 25.9 डिग्री सेल्सियस रहा। भागलपुर का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री और अधिकतम 27 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। पूर्णिया का न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री और अधिकतम 27 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार बिहार के सीमावर्ती क्षेत्र में 12 और 13 दिसंबर को बादल छाए रहेंगे। कुछ जगहों पर बूंदाबांदी के कारण तापमान में गिरावट की संभावना है।