रांची (पीटीआई)। भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा मैच रांची में खेला जाएगा। बुधवार को टीम इंडिया रांची पहुंच गई। यहां धोनी का घर भी है ऐसे में माही सीधे अपने घर चले गए। अब शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ धोनी अपने घरेलू फैंस के सामने मैदान में उतरेंगे। रांची के जेएससीए स्टेडियम में 'धोनी पवेलियन' भी बनाया गया है। माही से जब इस पवेलियन का उद्घाटन करने को कहा गया तो उन्होंने विनम्रता के साथ मना कर दिया।

'दादा अपने ही घर में क्या इनऑगरेट करना'

झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव देबाशीष चक्रवर्ती ने पीटीआई को बताया कि उन्होंने धोनी से पवेलियन के इनऑगरेशन की बात कही थी मगर उन्होंने मना कर दिया। धोनी का कहना था, 'दादा अपने ही घर में क्या इनऑगरेट करना।' टीम इंडिया के पूर्व कप्तान के इस जवाब ने साफ जाहिर कर दिया कि वह आज भी जमीन से जुड़े हैं। बता दें मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में सुनील गावस्कर और सचिन तेंदुलकर के नाम का स्टैंड है। वहीं दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान का गेट वीरेंद्र सहवाग के नाम पर है। ऐसे में झारखंड क्रिकेट ने रांची स्टेडियम में धोनी को यही सम्मान दिया है। रांची स्टेडियम के नाॅर्थ ब्लाॅक स्टैंड को 'महेंद्र सिंह धोनी पवेलियन' का नाम दिया गया है। इसमें मीडिया गैलरी के साथ-साथ वीआईपी बाॅक्स भी बने हैं।

यहां कंगारू खेलेंगे अपना दूसरा मैच

स्टार क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी उर्फ माही के होम ग्राउंड रांची स्थित जेएससीए स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया की टीम 8 मार्च को अपना दूसरा मैच खेलेगी। इससे पहले इंडिया के साथ कंगारू टीम का इकलौता मैच 23 अक्टूबर 2013 को हुआ था, जो बेनतीजा रहा था। इंडिया व ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की वनडे सीरिज का तीसरा मैच रांची में खेलने के लिए टीमें बुधवार को रांची पहुंची। मालूम हो कि सीरिज में टीम इंडिया ने 2-0 की बढ़त बनाई है। ऐसे में 8 मार्च को रांची में होनेवाला मैच टीम इंडिया जीतती है, तो सीरिज जितने का मौका है।

Cricket News inextlive from Cricket News Desk