कानपुर (इंटरनेट डेस्क)। टीवी रियल्टी शो बिग बॉस 15 का आखिरकार रविवार को समापन हो गया। तेजस्वी प्रकाश और प्रतीक सहजपाल फाइनलिस्ट थे, जो विजेता ट्रॉफी के लिए लड़ रहे थे। अंत में शो के होस्ट सलमान खान ने स्टेज पर तेजस्वी का हाथ उठाकर विजेता की घोषणा की। बिग बॉस का 15वां सीजन 2 अक्टूबर, 2021 को कलर्स टीवी पर प्रसारित हुआ था। 120 दिनों तक चले इस रियलिटी शो में आखिरकार टेलीविजन अभिनेत्री तेजस्वी प्रकाश के हाथ विजेता ट्रॉफी लगी। उन्हें 40 लाख रुपये का नकद पुरस्कार भी दिया गया।

40 लाख रुपये और नागिन 6 में रोल
बिग बाॅस ट्रॉफी हासिल करने पर, तेजस्वी ने अपने माता-पिता, शो के होस्ट सलमान खान और दर्शकों को उन्हें वोट देने के लिए धन्यवाद दिया। बिग बॉस 15 की ट्रॉफी और 40 लाख रुपये के नकद पुरस्कार के साथ, तेजस्वी को एकता कपूर के पाॅपुलर सीरियल 'नागिन 6' में भी रोल मिला है, जिसमें वह नागिन के रूप में नायक की भूमिका निभाती नजर आएंगी। मेकर्स ने ग्रैंड फिनाले एपिसोड में उनके चेहरे का खुलासा किया।

इंजीनियरिंग की पढ़ाई की
तेजस्वी प्रकाश का जन्म और पालन-पोषण एक मराठी भाषी परिवार में हुआ था। वह इंजीनियर रही हैं। उन्होंने मुंबई विश्वविद्यालय से इलेक्ट्रॉनिक्स और टेलीकम्यूनिकेशन इंजीनियरिंग में ग्रेजुएट किया है। प्रकाश ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत 2012 में आए सीरियल 'लाइफ ओके' से की थी। 2013 में, उन्होंने संस्कार - धरोहर अपनों की में धारा की भूमिका निभाई। 2015 से 2016 तक, उन्होंने कलर्स टीवी के स्वरगिनी - जोड़े रिश्तों के सुर में नमिश तनेजा के साथ रागिनी गडोदिया की मुख्य भूमिका निभाई।

2017 में रखा टीवी की दुनिया में कदम
2017 में, उन्होंने सोनी टीवी के पहरेदार पिया की में अफान खान के साथ दीया सिंह की भूमिका निभाई। पहरेदार पिया की के समाप्त होने के बाद, प्रकाश को दीया सिंह के रूप में रोहित सुचांती के साथ रिश्ता लिखेंगे हम नया में फिर से कास्ट किया गया। 2018 में, उन्होंने स्टार प्लस के कर्ण संगिनी में आशिम गुलाटी के साथ उरुवी की भूमिका निभाई। 2019 में, प्रकाश ने वूट की सिलसिला बदलते रिश्तों का में कुणाल जयसिंह के साथ मिष्टी खन्ना का रोल किया। 2020 में, उन्होंने कलर्स टीवी के फियर फैक्टर: खतरों के खिलाड़ी 10 में भी भाग लिया था।

Bollywood News inextlive from Bollywood News Desk