-शनिवार से रात में खुलेगा ताजमहल, इस माह चार दिन ही होगा रात्रि दर्शन

-एक दिन में 400 व्यक्ति कर सकते हैं दीदार

आगरा। चांदनी रात में ताज के दीदार को सैलानियों में जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। शनिवार को होने वाले ताज रात्रि दर्शन के सभी 400 टिकट शुक्रवार को बिक गए। कई लोगों को टिकट नहीं मिलने से मायूसी का सामना करना पड़ा।

शरद पूर्णिमा रविवार को है। इस दिन चांद धरती के नजदीक होता है। इसके चलते जब उसकी किरणें ताज के धवल संगमरमरी हुस्न पर पड़ती हैं, तो ऐसे लगता है जैसे जमीं पर जन्नत उतर आई हो। इस बार माह में पांच के बजाय चार दिन ही ताज रात्रि दर्शन शनिवार से शुरू होगा। शुक्रवार सुबह 10 बजे से भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) के माल रोड स्थित कार्यालय से शनिवार को होने वाले रात्रि दर्शन के टिकटों की बिक्री हुई। दोपहर दो बजे तक ही सभी टिकट बिक गए। इससे लाइन में लगे जिन लोगों को टिकट नहीं मिल सके, वो मायूस नजर आए। एक दिन में अधिकतम 400 सैलानी रात 8:30 से 12:30 बजे की अवधि में ताज देख सकते हैं। उन्हें 50-50 के बैच में आधे घंटे के लिए वीडियो प्लेटफार्म से रात में ताज दिखाया जाता है। अधीक्षण पुरातत्वविद वसंत कुमार स्वर्णकार ने बताया कि शनिवार के लिए रात्रि दर्शन के सभी टिकटों की बिक्री हो गई है।