नई दिल्ली (एएनआई)। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर एक बार फिर निशाना साधा है। गुरुवार को प्रियंका गांधी वाड्रा ने दलितों पर उत्पीड़न के मामले को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला। पि्रयंका ने कहा कि राज्य में दलितों के खिलाफ अपराध थमने का नाम नही ले रहे हैं। यूपी में महोबा, आगरा, गोरखपुर, रायबरेली और हरदोई में दलित उत्पीड़न और दलितों की हत्या की घटनाएं हो रही हैं। क्या भाजपा सरकार यह बताने का कष्ट करेगी कि राज्य में दलित उत्पीड़न की घटनाएं क्यों नहीं रुक रही हैं? राज्य सरकार इन घटनाओं को नजरअंदाज करना बंद कर देना चाहिए, कार्रवाई करनी चाहिए और जवाब देना चाहिए।

प्रियंका बोलीं अपराध की गति उत्तर प्रदेश में शासन की गति से दोगुनी

प्रियंका गांधी ने कहा कि आखिर लगातार हत्या जैसी बड़ी वारदातों के बाद भी सरकार चुप है। उसकी इस चुप्पी के पीछे की वजह जानना बहुत जरूरी है। बता दें कि राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर कांग्रेस नेता आदित्यनाथ सरकार की तीखी आलोचना कर रही हैं। उन्होंने पहले कहा था कि अपराध की गति उत्तर प्रदेश में शासन की गति से दोगुनी है।

भाजपा सरकार में वैसे तो सर्वसमाज के लोग पीड़ित हैं, लेकिन दलित ज्यादा

वहीं कल बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने यूपी में अपराध वृद्धि पर सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि प्रदेश में आए दिन दर्दनाक घटनाएं यहां जंगलराज होना सिद्ध करती हैं। मायावती ने कहा कि यूपी की भाजपा सरकार में वैसे तो सर्वसमाज के लोग पीड़ित हैं, लेकिन दलितों के ऊपर अन्याय और अत्याचार की लगातार हो रही घटनाएं सामने आ रही हैं।

National News inextlive from India News Desk