क्राइम ब्रांच की कार्रवाई पर उठे सवाल, मीडिया के सवालों से बचते रहे पुलिस अफसर

PRAYAGRAJ: यह ऐसा क्रिमिनल है जो शहर में कुख्यात है। उसका नाम हमेशा सुर्खियों में रहा है। गुजरात की जेल में बंद बाहुबली पूर्व सांसद अतीक से भी उसके ताल्लुकात रहे हैं। जमीन के एक विवाद ने दोनों के बीच दूरी बढ़ा दी है। इसका वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस को मुकदमा लिखना पड़ गया। जैद नाम के इस क्रिमिनल को गुरुवार दोपहर क्राइम ब्रांच ने बम्हारौली एरिया से उठाया। उसे कैंट स्थित क्राइम ब्रांच ऑफिस लाया गया। आश्चर्यजनक रूप से चार घंटे की पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया। बता दें कि करीब डेढ़ महीने पहले दर्ज कराये गये मुकदमे में वह वांटेड है। इसके बाद भी उसे थाने से ही छोड़ दिया जाना खटक गया।

गाड़ी से क्यों नहीं उतरे एसएसपी?

सूत्रों के अनुसार गुरुवार को जब क्राइम ब्रांच टीम जैद को बमरौली से पकड़कर कैंट थाना स्थित ऑफिस पहुंची तो वहां जैद के जानने वालों की भीड़ जुट गई। इस दौरान वहां पर कई वकील भी पहुंच गए। तभी एसएसपी भी कैंट थाने के बाहर पहुंचे। एसएसपी के पीआरओ ने इनोवा गाड़ी का दरवाजा खोला। वह उतरने वाले थे कि वापस बैठ गए। साहब के ऑफिस में न आने पर क्राइम ब्रांच की टीम भागकर बाहर आई। लेकिन, तब तक साहब वहां से जा चुके थे। इसके करीब चार घंटे बाद खबर आई कि जैद को छोड़ दिया गया। इस प्रकारण में क्राइम ब्रांच से पूछा गया तो गोल-मटोल जवाब ही मिला।

चर्चा में रहा पकड़ना-छोड़ना

सूत्रों का कहना है कि जैद ने पकड़े जाने के समय ही ऐसा ऑफर दिया था कि सब चौंक पड़े। इसके बाद भी उसे लेकर टीम क्राइम ब्रांच ऑफिस पहुंची। पूछने पर पुलिस की ओर से बताया गया कि पूछताछ के लिए जैद को उठाया गया है। किस प्रकरण में पूछताछ की जानी है? इसका जवाब नहीं दिया गया। धूमनगंज पुलिस उसके खिलाफ दर्ज केस की जांच कर रही है। वह वांटेड है। फिर भी उसे धूमनगंज थाने को क्यों नहीं सौंपा गया? इसका जवाब भी पुलिस ने नहीं दिया।

चार दिसंबर को दर्ज हुई रीसेंट रिपोर्ट

जैद की शुरुआती पढ़ाई-लिखाई एयरफोर्स स्कूल की है। स्कूल में टीचर से मारपीट के बाद उसे रेस्टिकेट कर दिया गया था। उसकी फैमिली धूमनगंज एरिया के पोंगहट पुल के पास रहती है। पिता खालिद जफर दूध का कारोबार करते हैं। कम उम्र ही पैसा कमाने की लालच में उसने भाइयों के लिए काम करना शुरू कर दिया। धूमनगंज एरिया में जमीन पर कब्जा और रंगदारी मांगकर उसने धाक जमाई। इस चक्कर में उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हो गये। पोंगहट पुल निवासी अब्दुल रहीम की तहरीर पर पुलिस ने चार दिसंबर 2019 को जैद के खिलाफ एक केस दर्ज हुआ। यही उसके खिलाफ लेटेस्ट केस है। इस मामले में अभी तक वह गिरफ्तार नहीं हुआ है। तहरीर में रहीम ने बताया था कि मरियाडीह का रहने वाला आबिद प्रधान उसकी जमीन पर कब्जा करना चाहता हैं। जैद इसमें उसकी हेल्प कर रहा है। उसे जान से मारने की धमकी तक दे चुका है। तीन फरवरी को जैद, राहुल सिंह तथा जैद का बहनोई जमीन कब्जे करने पहुंचे थे। उस दौरान गोली-बारी भी हुई थी।

साहब अभी व्यस्त हैं। जैद के मामले में पूछताछ करनी है तो एसपी सिटी सर को कॉल कर लें।

वेद पांडेय

पीआरओ, एसएसपी

(एसएसपी का सीयूजी नंबर पीआरओ ने ही रिसीव किया)

साहब अभी सुभाष चौराहा पर चेकिंग कर रहे हैं। वर्जन की बात करने पर उसने कहा कि अभी साहब व्यस्त हैं। इसके बाद फोन डिस्कनेक्ट कर दिया गया।

गनर एसपी सिटी

(फोन उसी ने रिसीव किया था)

पूछताछ के लिए उठाया गया था। आप लोग अधिकारियों से बात कर लें। इससे ज्यादा नहीं बता पाएंगे।

क्राइम ब्रांच