-मेरठ सहित सभी जिलों की हवालातों की बढ़ाई जाएगी सुरक्षा

- हवालात के आसपास भी नहीं भटक सकेंगे अराजक तत्व

आई एक्सक्लूसिव

सुंदर सिंह

Meerut: बंदियों का लगातार हवालात में आपसी विवाद, पेशी पर आने के दौरान फरार हो जाना, खुद पर आत्मघाती हमला करना, पुलिस कर्मियों के साथ गाली गलौच या मारपीट करना। ये वे मामले हैं जो अक्सर सुनाई देते हैं। यही छोटे विवाद कभी कभी बड़े विवाद का रूप धारण कर लेते हैं। जिसे संभालने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ती है। इस तरह के मामले न हों इसलिए शासन ने कचहरी परिसर को सील करने की कवायद शुरू कर दी है। शासन के आदेश के बाद कचहरी परिसर की सुरक्षा का ब्लू प्रिंट अधिकारियों ने बना लिया है। जिस पर जल्द की काम शुरू किया जाएगा।

हवालातों में होती रहती है घटनाएं

कुछ दिन पहले ही कचहरी स्थित सेशन हवालात में पेशी पर आए बंदियों में चाकू चल गए थे। इसके अलावा भी दर्जनों ऐसी घटनाएं कचहरी परिसर में हो गई है कि बंदी पेशी पर आने के दौरान पेट दर्द का बहाना कर अस्पताल में भर्ती हुआ और मौका पाकर भाग गया। कचहरी परिसर से हथकड़ी समेत भी बंदी भाग चुका है।

भेजी खुफिया रिपोर्ट

शासन को भेजी गई खुफिया रिपोर्ट के अनुसार हवालातों के आस पास घूमने वाले अराजक तत्व इन बंदियों के मददगार होते हैं। जो इनकी भागने में मदद करते हैं। शासन के निर्देश के अनुसार हवालात में बंदियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाने के आदेश जारी किए गए हैं।

ये रहेगी व्यवस्था

शातिर बंदियों पर स्थानीय जेल से पेशी पर ले जाने के लिए दो सिपाही तथा जिले के बाहर पेशी पर ले जाने के लिए एक उप निरीक्षक तथा चार सिपाहियों की गारद भेजी जानी चाहिए। जिन स्थानों से कचहरी के अंदर जाने का रास्ता है। उन स्थानों को बंद किए जाने की कवायद शुरू की गई है।

वर्जन

शासन के आदेश का पालन किया जा रहा है। अब हवालातों के आस-पास सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। ताकि अनहोनी होने की गुंजाइश खत्म हो सके।

आलोक प्रियदर्शी, एसपी सिटी

---