- नगर निगम ने लगाए बोर्ड, जारी किया टोल फ्री नंबर

- निगरानी के लिए नहीं है नगर निगम में कोई व्यवस्था

मेरठ। अगर कूड़ा जलाया तो 5 हजार रुपए का जुर्माना लगेगा। एनजीटी के इस आदेश पर हालात सुधारने की जिम्मेदारी नगर निगम की है। इसके लिए निगम की ओर से जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिसकी शुरुआत दफ्तर में बोर्ड लगाकर की गई है। शिकायत करने के लिए टोलफ्री और वाट्सएप नंबर भी हैं, लेकिन निस्तारण का कोई इंतजाम नहीं है।

लोगों से की अपील

नगर निगम जल्द ही वायु प्रदूषण के खिलाफ अभियान चलाएगा। इसके लिए नगर निगम लोगों को जागरूक भी करेगा। योजना के तहत ऑफिस में बोर्ड लगाकर लोगों से कूड़ा न जलाने की अपील की गई है। यही नहीं नगर निगम पॉलिथीन का प्रयोग न करने अपील भी कर रहा है। इसके अलावा नगर निगम शहर के मुख्य चौराहे पर सड़कों पर भी 20 होर्डिग लगाए जाएंगे।

ऐसे करें शिकायत

यदि कोई शहर में कूड़ा जलाते है तो इसकी शिकायत आप नगर निगम के टोलफ्री या वाट्सएप नंबर पर कर सकते हैं।

-टोलफ्री नंबर

18001805090

-व्हाट्सएप नंबर

8395881001

5 हजार रुपये का जुर्माना

कूड़ा जलाने पर नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने पांच माह पहले जुर्माना लगाने के आदेश जारी किए थे। कूड़ा जलाते हुए पकड़ा जाने पर पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाने का प्रावधान किया था।

कोई शिकायत नहीं

एनजीटी को कूड़ा जलाने पर जुर्माना लगाने के आदेश दिए हुए पांच माह का समय हो गया है। ताज्जुब की बात यह है कि नगर निगम शिकायत केंद्र पर इन पांच माह में कोई शिकायत नहीं आई है।

निगरानी की व्यवस्था नहीं

एनजीटी के आदेश का पालन करने के लिए नगर निगम के पास कोई व्यवस्था नहीं है। यदि कोई शिकायत करता है तो तुरंत कार्रवाई के लिए निगम ने कोई टीम नहीं बना रखी है।

कर्मचारी ही जलाते हैं कूड़ा

नगर निगम के सफाई कर्मी ही कूड़ा जलाते है। अनेक बार निगम के सफाई कर्मियों को कूड़ा जलाते हुए या फिर नाले में कूड़ा डालते हुए देखा जा सकता है। बावजूद इसके सफाई कर्मियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती है। यही नहीं कोई कूड़ा न जलाये इसके भी कोई इंतजाम नहीं है।

कूड़ा जलाते हुए पकड़े जाने पर जुर्माने का प्रावधान है। सफाई निरीक्षक इस पर लगातार निगरानी रखते हैं। व्हाटसएप व टोलफ्री नंबर भी जारी कर दिया है। इस पर शिकायत कर सकते हैं। तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

-डॉ। कुंवर सेन, नगर स्वास्थ्य अधिकारी

- शहर में प्रतिदिन निकलने वाले कूड़ा- 1 हजार मीट्रिक टन

- स्थाई कर्मचारियों की संख्या- 1010

- अस्थाई कर्मचारियों की संख्या- 2215

स्वच्छता अभियान चलाया

फोटो- 1 से 6

मेरठ- डीएन कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स एवं ऑल इंडिया एक्स एनसीसी कैडेट्स सोशल वैलफेयर सोसाइटी ने संयुक्त रुप से स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान घंटाघर स्थल पर व आसपास साफ सफाई की व लोगो को जागरुक किया। मेजर सुनील ने साफ सफाई के बारे में जानकारी दी व सफाई का महत्व बताया।