- गोरखनाथ थाना गेट के सामने हुई घटना

- बांसगांव में भी बाइक सवारों ने छीनी चेन

GORAKHPUR: गोरखनाथ मेले में सक्रिय चोर-उचक्कों ने कई लोगों को परेशान कर दिया। गुरु गोरक्षनाथ का दर्शन करने गई महिला श्रद्धालु का चेन कट गई। महिला के शोर मचाने पर लोगों ने एक चोरी करने वाली एक महिला को पकड़ लिया। पूछताछ करके पुलिस उसकी साथियों की तलाश में लगी है। उधर बांसगांव कस्बे के भटवली बाजार में बाइक सवार बदमाशों ने महिला का मंगल सूत्र लूट लिया। राहगीरों की मदद से महिला ने पुलिस को सूचना दी। बदमाशों की बाइक और हुलिया के आधार पर पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

बगल में खड़ी महिलाओं ने की हरकत

गुलरिहा एरिया के महराजगंज चौराहा की कमलावती शनिवार को गोरखनाथ मंदिर में खिचड़ी चढ़ाने गई थीं। शाम करीब चार बजे वह मेन गेट के सामने खड़ी होकर अपने साथ आए लोगों का इंतजार कर रही थीं। तभी उनके अगल-बगल में आकर तीन-चार महिलाएं खड़ी हो गई। भीड़ में धक्का-मुक्की होने से वह कुछ नहीं समझ पाई। कुछ देर बाद कमलावती की चेन चोरी हो गई। चेन गायब होने पर उन्होंने शोर मचाया तो आसपास खड़ी महिलाएं भागने लगीं। चेन चोरी के शक में लोगों ने एक महिला को पकड़ लिया।

बाइक सवारों ने छीना मंगलसूत्र

वहीं, बांसगांव एरिया के रघुवाडीह निवासी प्रेम चंद की पत्नी रामवासी सुबह 11 बजे पैदल ही भटवली बाजार चौराहे पर जा रही थीं। गांव से थोड़ी दूरी पर पुलिया के पास पहुंचीं। तभी सामने से एक बाइक सवार दो युवक तेज रफ्तार में उनके करीब आकर रुके। युवकों के अचानक ब्रेक लेने से वह डर गई। इस बीच पीछे बैठे युवक ने उनके गले से मंगलसूत्र छीन लिया। वह शोर मचाकर राहगीरों से मदद मांग पातीं। इसके पहले बदमाश फरार हो गए। लोगों की मदद से महिला ने पुलिस को सूचना दी।