- पति व ससुराल वालों पर लगा हत्या का आरोप

- महिला को पीएम के लिए भेजा, पति परिजनों संग फरार

Meerut : सरधना एरिया में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से मौत हो गई। महिला के परिजनों ने उसके पति व ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बॉडी को पीएम के लिए भेज दिया। वहीं आरोपी पति अपने पूरे परिवार के साथ गांव छोड़कर फरार हो गया। जिसकी तलाश में पुलिस लगी है। वहीं महिला अपने पीछे तीन मासूम बच्चों को छोड़ गई।

यह है मामला

गांव कुलंजन सरधना के रहने वाले मौसम खान पुत्र अशरफ का निकाह बारह साल पहले हाथी खाना लालकुर्ती की रहने वाली साजिया पुत्र अतीक खान से हुआ था। मौसम दिल्ली में सिलाई का काम करता है। जो बीच-बीच में अपने घर आता-जाता रहता था। परिवार में तीन बच्चे हैं, जिनमें दस साल की बेटी इल्मा, उससे छोटी समरा और सबसे छोटा बेटा चार साल का बेटा जकी हैं। जानकारी के अनुसार साजिया और मौसम के बीच शादी के बाद से ही झगड़ा रहता था।

वो जली पड़ी थी

साजिया की बेटी इल्मा के अनुसार उसका पिता बुधवार को घर आया था। रात में ही दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। गुरुवार की सुबह करीब आठ बजे वह अपनी छोटी बहन समरा के साथ स्कूल में पढ़ने चली गई थी। घर में उसकी मां साजिया पिता मौसम और छोटा भाई जकी थे। करीब साढ़े आठ बजे साजिया की पड़ोसन जेठानी मुन्नी पत्नी वकील का कहना है कि उसने दीवार में बने छेद से मौसम के घर में झांककर देखा तो साजिया घर के आंगन में जली हुई नग्न अवस्था में पड़ी थी।

जलाकर मार डाला

मुन्नी का कहना है कि यह देखकर वह हैरान रह गई और फिर छत पर जाकर देखा तो उसके होश उड़ गए। उसने साजिया की जली-भुनी बॉडी देखकर शोर मचा दिया। मोहल्ले के लोग शोर सुनकर इकट्ठा हो गए। कुछ ही देर में लोगों की भीड़ मौसम के घर में लग चुकी थी। जहां जली पड़ी साजिया को देखकर सबकी चीखें निकल गई। साजिया सौ फीसदी जली हुई थी और उसकी सांसे भी थम चुकी थी। गांव के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर के अंदर छानबीन शुरू कर दी।

कुछ बयां कर रहा था सीन

पुलिस ने घर के अंदर जाकर देखा तो वहां रसोई में रखे गैस सिलेंडर का पाईप व रेगुलेटर निकले पड़े थे। देखने से लगता था जैसे साजिया के साथ साजिश की गई हो। उसके ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आग लगाई गई हो। इस दौरान साजिया की बेटी भी अपनी मां की मौत के बारे सुनकर तुरंत घर पहुंच गई थी। जहां उसका रो-रोकर बुरा हाल था। साथ ही गांव के लोगों ने इसकी सूचना साजिया के मायके वालों को भी दे दी। साजिया के भाई-बहन जानकारी मिलते ही कुलंजन पहुंच गए थे।

पति पर आरोप

जहां साजिया की हालत देखकर उनका भी रो-रोकर बुरा हाल हो गया था। जिनका आरोप है कि साजिया की हत्या की गई है। साजिया को उसके पति ने मारा है। घटना के बाद से मौसम भी गायब हो गया। मौके पर पहुंचे दरोगा सतीश कुमार और न्यायिक नायब तहसीलदार होरी सिंह ने पंचनामा भरकर शव को पीएम के लिए भेज दिया। एसओ प्रदीप कुमार त्रिपाठी के अनुसार महिला के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। साथ ही पीएम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।