आटो में व्यापारी के बैग से एक लाख 30 हजार किए पार

मिर्जापुर से बेटी के ससुराल मिलने के लिए शहर आए थे किराना व्यापारी

ALLAHABAD: मिर्जापुर से बेटी से मिलने उसके ससुराल आए किराना व्यापारी के साथ महिलाओं के एक गैंग उस समय रुपए पार कर दिए जब व्यापारी आटो से बेटी की ससुराल जा रहे थे। बेटी के घर पहुंचने के बाद जब व्यापारी ने बैग खोला तो उसमे से रुपए गायब थे। इसके बाद उन्होंने परिजनों को पूरे मामले की जानकारी दी। परिजनों ने इस संबंध में शाहगंज थाने में तहरीर दी है।

नातिन की शादी के सिलसिले में आए थे

मिर्जापुर के पान दरीबा में रहने वाले राजकुमार केसरवानी किराना व्यापारी हैं। उनका बेटा श्याम सुन्दर केसरवानी मिर्जापुर में भाजपा के नगर अध्यक्ष है। राजकुमार की बेटी की ससुराल शाहगंज थाना क्षेत्र के नखासकोहना एरिया में है। शनिवार को राजकुमार नातिन की शादी के सिलसिले में बेटी के ससुराल आ रहे थे। मिर्जापुर से भदोही होते हुए वह बस से सिविल लाइंस पहुंचे। इसके बाद उन्होंने ऑटो पकड़ी। आटो में कुछ महिलाएं पहले से बैठी थी। थोड़ी दूर ऑटो में सफर करते समय राजकुमार को झपकी आ गई। जब उनकी नींद खुली तो एक महिला का पर्स उनके हाथ में था। जबकि उनका बैग बगल में रखा था। महिला ने उनसे पर्स मांगा तो वह हैरान रह गए। इसके बाद उन्होंने पर्स महिला को दिया और अपना बैग खोजने लगे। जो पास में ही पड़ा मिला। बैग लेकर वह बेटी के ससुराल पहुंचे। यहां पर उन्होंने जब बेटी को पैसे देने के लिए बैग खोला तो उसमें से 1 लाख 30 हजार रुपए गायब थे। पैसे गायब देख उनके होश उड़ गए।