बाराबंकी (आईएएनएस)। यह एक ऐसी खबर है जो कोरोनोवायरस के काले बादलों के बीच आपको मुस्कराने के लिए मजबूर कर देगी। दरसल बुधवार सुबह उत्तर प्रदेश में एक महिला ने एक साथ 5 स्वस्थ बच्चों को जन्म दिया है।

दो बेटे तीन बेटियां

प्रदेश के बाराबंकी जिले के राम नगर इलाके के कुतुलपुर गांव के जिला अस्पताल में इन पांच बच्चों को जन्म दिया गया। नवजात शिशुओं में दो लड़के और तीन लड़कियं शामिल हैं। बच्चों के पिता, कुंदन गौतम, ने कहा कि मां और सभी पांच बच्चे एकदम ठीक और स्वस्थ हैं। कुंदन गौतम ने कहा कि उन्हें इस बात की बेहद खुशी है और वे बच्चों को भगवान का उपहार मानते हैं।

पांच बच्चों की नहीं थी उम्मीद

कुंदन ने कहा कि डॉक्टरों ने उन्हें बताया था कि उनकी पत्नी के जुड़वा बच्चे होंगे, लेकिन उन्होंने कभी भी एक बार में पांच बच्चों की उम्मीद नहीं की थी।बच्चे सही स्थिति में हैं, इनमें से दो का वजन 1100 ग्राम है वहीं दो का 900 ग्राम है। जबकि एक बच्चा 800 ग्राम का है। इस दंपत्ति का इससे पहले एक बेटा और भी है। ये अपने आप में एक अनोखी घटना बताई जा रही है हांलाकि इससे पहले चार बच्चों के एक साथ जन्म लेने की बात सुनी गई है।

चार बच्चों का जन्म भी हुआ है

हाल ही में सुनने को मिला था कि बिहार की एक महिला ने चार बच्चों को जन्म दिया है। बच्चों का वजन एक किलो से डेढ़ किलो के बीच बताया गया था। इस महिला के दो बेटे और दो बेटियां हुई थीं। वहीं लखनऊ की एक महिला ने भी एक साथ 4 बच्चों को जन्म दिया था। ये महिला गोंडा जिले की बताई गई थी और इसने भी दो लड़के और दो लड़कियों को जन्म दिया था।

National News inextlive from India News Desk