- झंगहा एरिया के बोहाबार की घटना, एक बच्ची को बचाया

- महिला को पानी में कूदते देखकर युवकों ने लगाई छलांग

GORAKHPUR: झंगहा एरिया के बोहाबार पुल से दो बेटियों संग महिला गोर्रा नदी में कूद गई। घटना मंगलवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे हुई। महिला के पुल से कूदने पर युवकों ने उसे बचाने की कोशिश की। दो बच्चियों में एक को जिंदा बचा लिया लेकिन दूसरी की जान चली गई। गोताखोरों की मदद से महिला की तलाश में पुलिस टीम लगी है।

अचानक बेटियों संग लगा दी छलांग

बरसात में गोर्रा नदी उफान पर रहती है। मंगलवार की दोपहर कुछ युवक पुल पर टहल रहे थे। तभी एक महिला पहुंची। उसकी गोद में करीब दो साल और चार साल की बेटियां थीं। लोग कुछ समझ पाते इसके पहले बेटियों संग नदी में कूद गई। महिला के कूदने पर युवकों ने हिम्मत दिखाई। तीन युवक भी पानी में उतर गए। काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चियों को पानी से निकाल लिया। लेकिन महिला गहरे पानी में समा गई। लोगों के शोर मचाने पर आसपास के लोग जमा हो गए। बच्चियों को पास के अस्पताल में पहुंचाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने छोटी बच्ची को मृत बताया। दूसरी का उपचार चल रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस भी गोताखोरों की मदद से महिला की तलाश में जुट गई। लोगों ने पुलिस को बताया कि बोहाबार के मिश्रौलिया के दयालगढ़ निवासी मुनीब साहनी, दीपू यादव और उनके मोहल्ले में रिश्तेदारी में आए कौड़ीराम के सोनाइच के मगन ने बहादुरी दिखाई। उनके प्रयास से एक बच्ची को जिंदा बचाया जा सका।