शहर में लगातार बढ़ रही है छेड़छाड़ की घटनाएं

छेड़छाड़ रोकने में नाकाम हो रही है पुलिस

Meerut। शहर में छेड़छाड़ की घटनाएं लगातार बढ़ रही है। सदर थाना क्षेत्र के फैज-ए-आम के सामने मनचलों ने सोमवार रात महिला के साथ छेड़छाड़ कर दी। विरोध करने पर गाली-गलौज और अभद्रता पर उतारु हो गए। लोगों के इकट्ठा होने पर आरोपी धमकी देते हुए मौके से भाग निकले। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली।

क्या है मामला

सदर बाजार क्षेत्र की रहने वाली महिला अपने पति के साथ घंटाघर की तरफ से जा रही थी। जैसे ही फैज-ए-आम के सामने पहुंची तो मछेरान के रहने वाले कुछ मनचलों ने महिला पर फब्तियां कसनी शुरू कर दी। पति और महिला ने विरोध किया तो मनचले युवक गाली-गलौज और अभद्रता पर उतारु हो गए। मगर जब लोग इकट्ठा होने लगे तो आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास के लोगों का कहना था कि यहां आए दिन छेड़छाड़ होती है। मनचलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। सदर बाजार थाना इंस्पेक्टर विजय गुप्ता का कहना है कि छेड़छाड़ की शिकायत आई थी। मौके पर पुलिस भेजी गई थी। महिला ने कोई तहरीर नहीं दी है। शिकायत आने पर मुकदमा कायम कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

60 से ज्यादा छेड़छाड़ के मामले

पुलिस के मुताबिक पूरे जिले में गत 3 माह में 60 से ज्यादा छेड़छाड़ के मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इतना ही नहीं पीवीएस मॉल, सेंट्रल मार्केट, मंगलपांडे नगर, हापुड़ अड्डा, सीसीएस यूनिवर्सिटी के सामने, तेजगढ़ी, बच्चा पार्क, वेस्ट एंड रोड, थापर नगर, दिल्ली रोड, बेगमपुल, लालकुर्ती, रेलवे रोड चौराहा आदि को मनचलों ने अपना अड्डा बना रखा है। यहीं पर सबसे ज्यादा छेड़छाड़ की घटनाएं होती हैं। मगर पुलिस इन घटनाओं को रोक पाने में नाकाम साबित हो रही है।