-विलय धाम के पास नकटिया नदी किनारे मिला शव

-एक दिन में दो महिलाओं की हत्या से हड़कंप

bareilly@inext.co.in
BAREILLY: एक दिन में दो महिलाओं की हत्या से हड़कंप मच गया है। इज्जतनगर थाना अंतर्गत बड़ा विलयधाम के पास नकटिया नदी में बड़ा बाईपास से पुल के नीचे महिला के शव को फेंक दिया गया। महिला के सिर में गोली मारी गई है। वहीं मीरगंज में महिला का शव कुआं में मिला है। महिला मायके आयी हुई थी। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुट गई है।

सिर में गोली मारने की आशंका

विलयधाम के पास नकटिया नदी के किनारे मंडे दोपहर लोग जानवर चरा रहे थे। इसी दौरान एक महिला का शव देखा तो हड़कंप मच गया। मामले की सूचना पर पुलिस पहुंची और जांच पड़ताल की। एसपी सिटी अभिनंदन सिंह, थाना पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम ने मौके पर जांच की। महिला की पहचान नहीं हो सकी है। उसके सिर में चोट है, जिससे आशंका है कि उसके सिर में गोली मारी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा, लेकिन हाइवे पर शव फेंकने से कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं।

महिला की चप्पल मिली

पुलिस जांच में आया है कि महिला की हत्या कहीं ओर की गई है और किसी वाहन से उसके शव को यहां पर लाया गया है। महिला का शव बड़ा बाईपास पर खड़े होकर पुल से नीचे फेंका गया है। पुल के ऊपर रोड किनारे महिला की एक चप्पल और रुमाल मिला है। ऊपर भी खून लगा हुआ है। इसके अलावा नीचे भी खून पड़ा था। महिला के पास से एक छोटा पर्स भी मिला है, जिसमें 2500 रुपए और एक पर्ची मिली है। इस पर्ची पर नंबर लिखा है लेकिन नंबर से संपर्क नहीं हो पा रहा है। महिला के दाहिने हाथ पर ओम भी लिखा है।

तो क्या नदी में फेंका शव

महिला के शव को शाहजहांपुर की ओर से लाकर फेंकने की आशंका है, क्योंकि इसी ओर महिला का शव नीचे पड़ा मिला है। आशंका है कि शव को नकटिया नदी में रात के अंधेरे में फेंका गया होगा। ताकि शव नदी में बह जाए लेकिन पानी न होने की वजह से शव सूखे में पड़ा मिला, लेकिन हाइवे से नीचे शव किस वक्त फेंका गया, इसको लेकर संशय बरकरार है, क्योंकि यह हाइवे काफी चलता रहता है। क्या किसी ने शव को नीचे फेंकते हुए नहीं देखा।

कुएं में मिला महिला का शव
वहीं मीरगंज के सिंधौली गौटिया में 26 वर्षीय सरोज पत्‌नी चमन का शव कुएं में मिला है। महिला की शादी शाही के खरसैनी गांव में हुई थी। वह मायके आयी हुई थी। उसका शव कुआं में कैसे पहुंचा पुलिस इसकी जांच कर रही है। मंडे को गांव की युवतियां जब कुएं में पानी भरने गई तो नीचे शव देखकर डर गई। जिसके बाद गांव में भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना देकर शव बाहर निकाला गया। सरोज संडे से गायब थी, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा था। उसकी मीरगंज थाना में गुमशुदगी भी दर्ज कराई गई थी। पुलिस सुसाइड के एंगल से भी जांच कर रही है।