-अकेली रहती थी महिला, टॉफी, बिस्कुट की चलाती थी दुकान

-पति पंजाब में और दो बेटे लुधियाना में करते हैं काम

GORAKHPUR: बांसगांव थाना एरिया के बलुआ उर्फ गोपालपुर गांव में अकेली रहने वाली मालती देवी (60) की गला दबाकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने लूटपाट भी की है। गुरुवार सुबह महिला का शव मिलने पर सनसनी फैल गई। फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड की जांच के बाद महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। महिला का पति पंजाब तो बेटा लुधियाना में काम करता है।

मालती देवी घर में ही टॉफी, बिस्कुट का दुकान चलाती थीं। पति भृगुनाथ लंबे समय से पंजाब में रहकर मजदूरी करते हैं। बेटे विक्की और हरिश्चंद्र भी लुधियाना में ही रहते हैं। गुरुवार सुबह दुकान न खुलने पर आसपास के लोग गए तो देखा कि मालती का शव पड़ा है। सामान बिखरा है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका है। घर का सामान भी बिखरा मिला है। इस वजह से लूटपाट की आशंका है।

अस्त व्यस्त थे महिला के कपड़े

मालती के शरीर के कपड़े भी अस्त व्यस्त थे। इससे आशंका है कि महिला के साथ बदमाशों का संघर्ष हुआ होगा। पुलिस का मानना है कि हत्या के बाद लूट दिखाने के लिए सामान को बिखेरा गया है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला या फिर उसके परिवार से हुए किसी तरह के पुराने विवादों की फाइल खंगाली जा रही है। आसपास के सक्रिय बदमाशों की तलाश में भी पुलिस लगी है।