- 19 मई को कॉरपोरेट लैब में भेजा गया था सैंपल

- महिला को बदायूं मेडिकल कॉलेज किया गया शिफ्ट

बरेली : कोरोना का ग्राफ कम होने की बजाए लगातार बढ़ता जा रहा है। मंडल में रोजाना नये केसेज सामने आ रहे हैं। इसी क्रम में मंडे को बदायूं की रहने वाली एक 60 वर्षीय महिला में कोरोना पॉजिटिव पाया गया। महिला का इलाज बरेली के एक निजी हॉस्पिटल में चल रहा था। महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसे एंबुलेंस से बदायूं मेडिकल कॉलेज शिफ्ट किया गया है।

12 दिन बाद आई रिपोर्ट

महिला चौपला रोड स्थित एक निजी हॉस्पिटल में एडमिट थी। डॉक्टरों के अनुसार महिला किडनी की बीमारी से ग्रसित है। 19 मई को महिला का सैंपल जांच के लिए कॉरपोरेट लैब भेजा गया था लेकिन 12 दिन बाद महिला की रिपोर्ट आई जिसमें वह पॉजिटिव पाई गई है।

130 सैंपल्स की रिपोर्ट निगेटिव

मंडे को आईवीआरआई लैब से 130 सैंपल्स की रिपोर्ट हेल्थ डिपार्टमेंट को मिली जो कि निगेटिव पाई गई। बदायूं की जो महिला पॉजिटिव पाई गई है उसकी जांच कॉरपोरेट लैब में की गई थी।

स्टाफ होगा क्वारंटाइन

महिला को किडनी संबंधी दिक्कत थी उसका इलाज बरेली के निजी हॉस्पिटल के आईसीयू में चल रहा था, महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर अब गाइड लाइन के अनुपालन में महिला के संपर्क में आने वाले स्टाफ को क्वारंटाइन किया जाएगा।

बदायूं की रहने वाली एक महिला, जिसकी जांच कॉरपोरेट लैब में हुई थी वह कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। महिला को बदायूं मेडिकल कॉलेज शिफ्ट किया गया है। प्रशासन को भी सूचना दे दी गई है। मंडे को मिली 130 अन्य सैंपल्स की रिपोर्ट निगेटिव पाई गई हैं।

डॉ। रंजन गौतम, जिला सर्विलांस अधिकारी।