- मासूम बच्चियों की चीख-पुकार पर लोगों को हुई जानकारी

- गगहा एरिया के हरैया की घटना से इलाके में सनसनी

GORAKHPUR: पति की करतूतों से आजिज आकर एक महिला ने अपनी दो बेटियों संग खुद को आग के हवाले कर दिया। मासूमों की चीख-पुकार सुनकर पास पड़ोस के लोगों ने किसी तरह आग को काबू किया। लेकिन इस दौरान महिला और उसकी तीन साल की बेटी की झुलसने से मौत हो गई। दूसरी बेटी को परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस मामले की छानबीन करके कार्रवाई में जुटी है। महिला का पति ब्रह्मपुर ब्लॉक में सफाई कर्मचारी है।

पति को शराब की लत, होता रहता था विवाद

गगहा, हरैया निवासी जय प्रकाश उर्फ बबलू सफाई कर्मचारी है। उसकी तैनाती ब्रह्मपुर ब्लॉक में चल रही है। उसे शराब पीने की लत है। इसी बात को लेकर पत्‍‌नी सीमा संग उसका विवाद होता रहता था। गुरुवार की सुबह जय प्रकाश अपने काम पर चला गया। महिला के ससुर किसी काम से गोरखपुर आ गए। जबकि घर पर मौजूद सास खेतों की तरफ गई थीं। करीब साढ़े 11 बजे अचानक सीमा अपनी दोनों बेटियों संग कमर में कैद हो गई। कमरे से धुआं उठने और चीख-पुकार सुनकर पड़ोसियों ने खिड़की तोड़ दी। लोगों ने किसी तरह से आग बुझाई लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। झुलसने से सीमा और उसकी तीन साल की बेटी शिवन्या की मौत हो गई। गंभीर पांच साल की शिखा को लोगों ने नर्सिग होम में भर्ती कराया।