- जिला अस्पताल में भर्ती महिला की हालत गंभीर

- परिवार की खराब आर्थिक स्थिति से थी परेशान

GORAKHPUR: राजघाट एरिया के गीता प्रेस स्थित शिव मंदिर में पूजा करने पहुंची एक महिला ने अचानक खुद पर मिट्टी का तेल डाल आग लगा ली। आसपास के लोग कुछ समझ पाते इसके पहले ही वह बुरी तरह झुलस गई। लोगों ने किसी तरह आग बुझा उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

सन्न रह गए राहगीर

राजघाट एरिया के शेखपुर मोहल्ला निवासी शंकर सैनी पत्नी शोभा साहनी (35) व तीन बच्चों प्रीती (18), मुस्कान (12) एवं शनि (16) के साथ रहते हैं। शंकर और शोभा फूल-माला बेचने का कार्य करते हैं। बेटी प्रीती ने इंटर पास कर लिया है। मुस्कान कक्षा सात में पढ़ती है जबकि बेटा शनि कक्षा छह में पढ़ता है। सोमवार सुबह शंकर बगीचे से फूल लेने चला गया। तकरीबन 8.30 बजे शोभा रोज की तरह ही पास के शिव मंदिर के लिए निकली। उसने मंदिर में शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। वह घर से गैलेन में मिट्टी का तेल भी लेकर आई थी। शोभा ने मंदिर में ही अचानक मिट्टी का तेल अपने शरीर पर उड़ेलकर आग लगा ली। आग में झुलसती महिला को देख लोग सन्न रह गए। इस दौरान उधर से गुजर रहे एक राहगीर ने शोभा को नाले में धक्का दे दिया। आग बुझते ही महिला को लोगों ने नाले से बाहर निकाला और परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही पहुंची महिला की बेटी ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डाक्टर्स ने बताया कि महिला 85 प्रतिशत जल चुकी है।

'कैसे चलाती परिवार'

अस्पताल में भर्ती महिला ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक ना होने के चलते वह परेशान थी। महीने में वे लोग आठ से दस हजार रुपए ही कमा पाते थे। बड़ी बेटी की शादी की चिंता उसे खाए जा रही थी। बाकी बच्चों की पढ़ाई आदि खर्चो के लिए भी पैसे पूरे नहीं पड़ रहे थे। इन्हीं परेशानियों से तंग आकर उसने आत्महत्या करने का फैसला कर लिया। शोभा का मायका उर्दू बाजार में शीतला माता मंदिर के पास है। घटना की सूचना मिलते ही शोभा की मां गुड्डी सैनी परिजनों के साथ जिला अस्पताल पहुंच गईं। उन्होंने बताया कि पैसों की कमी और बड़ी हो रही बेटी की शादी को लेकर शोभा हमेशा चिंतित रहती थी।