JAMSHEDPUR : कदमा थाना क्षेत्र भाटिया बस्ती मंदिर पथ के मकान संख्या 81 में एक महिला का सड़ा-गला शव मिलने के हड़कंप मच गया। महिला का नाम बबली देवी (35) बताया जा रहा है। बीते चार माह से वह घर पर अकेले ही रह रही थी। उसके घर पर अन्न का एक भी दाना नहीं था। संभवत: महिला की मौत भूख से हुई हो। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस पटना में रहने वाली महिला की बहन से संपर्क करने की कोशिश कर रही है। कदमा भाटिया बस्ती निवासी बबली के पड़ोस में रहने वाले राकेश ने बताया कि बबली की शादी पांच साल पूर्व हुई थी। शादी के छह माह बाद ही वह अपने पति से तलाक लेकर अलग रह रही थी। माता-पिता के मौत के बाद भाई पंकज वर्मा और दिनेश वर्मा के साथ रह रही थी। पंकज और दिनेश की कदमा बाजार में ज्वेलरी की दुकान है। पंकज वर्मा की पत्नी ने चार साल पहले अपने घर में फांसी लगाकर खुदकशी कर ली थी। जिसके बाद दहेज हत्या मामले में पंकज को जेल हो गई। इसी मामले में पुलिस ने चार माह पहले दिनेश को भी जेल भेज दिया। दोनों भाई घाघीडीह सेंट्रल जेल में सजा काट रहे है।

आखिरी बार दिवाली में दिखी थी

पड़ोस में रहने वाले लोगो ने बताया कि भाई के जेल जाने के बाद वह घर से बाहर नहीं निकलती थी। जब कोई उससे बात करने की कोशिश करता तो वह उसे अपशब्द कहने लगती थी। बावजूद उसे घर में कभी-कभार भोजन भिजवा दिया जाता था। वह तनाव में रहती थी। स्वभाव चिड़चिड़ा था। घटना से पहले उसे आखरी बार दीपावली के दिन देखा गया था। उसके बाद दो दिनों से घर से बदबू आ रही थी। शुक्रवार को बदबू ज्यादा आने से कदमा पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस ने जब घर का दरवाजा तोड़ा तो घर में सोफा पर महिला का शव पड़ा हुआ था। कीड़े लग गये थे। कदमा थाना प्रभारी विनय कुमार के अनुसार मृतका के घर की जब तलाशी ली गई तो उसके घर में अन्न का एक भी दाना दिखा। संभवत: महिला की मौत भूख या बीमारी से हुई हो। कारण अस्पष्ट है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पता चल सकता है।