-गीडा के नौसड़ की घटना, ऑटो में सवार थीं महिलाएं

- टूटी चेन एक चोरनी के पास से हुई बरामद, दूसरी के पास मिली चोरी की अंगूठी

GORAKHPUR: महिला से चेन स्नेचिंग कर भाग रहीं दो चोरनियों को राहगीरों ने पीछा कर पकड़ लिया। घटना गीडा इलाके के नौसड़ पुलिस चौकी के पास की है। सूचना पर पहुंची नौसड़ चौकी की पुलिस ने दोनों चोरनियों को हिरासत में लेकर उनके पास से चोरी की गई टूटी चेन बरामद कर ली। पुलिस ने बाद में दूसरी चोरनी के पास से एक अंगूठी भी बरामद की। बताया जा रहा है कि चोरनियों की तीन साथी महिलाएं भागने में कामयाब रही हैं जिनकी तलाश पुलिस कर रही है।

एक ने कुचला पैर, दूसरी ने उड़ा दी चेन

गीडा एरिया के एकला गांव निवासी रामदरश की पत्नी मनोरमा उर्फ फुलवारी देवी किसी काम से गोरखपुर शहर आई थीं। दोपहर में वह ऑटो में सवार हो घर जाने के लिए निकलीं। ऑटो में उनके अलावा पांच अन्य महिलाएं सवार हुईं। ऑटो अभी नौसड़ पुलिस चौकी के पास दोपहर तीन बजे पहुंची थी कि एक महिला ने मनोरमा का पैर अपने पैर से कुचल दिया। वह पैर सहलाने के लिए झुकीं। इस दौरान बगल में बैठी महिला ने उनके गले से चेन काट ली। लेकिन इस चक्कर में चेन टूट गई। जानकारी होते ही महिला शोर मचाने लगी। चालक ने नौसड़ चौकी के पास ऑटो रोक दिया। इस बीच उसमें सवार पांचों महिलाएं भाग निकलीं। राहगीरों ने पीछाकर उनमें से दो महिलाओं को पकड़ लिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। तलाशी के दौरान महिला स्नेचरों के पास से चेन का टूटा एक टुकड़ा मिला। पुलिस दोनों चोरनियों को हिरासत में लेकर चौकी चली आई। पुलिस ने महिलाओं की फरार साथियों के बारे में भी पूछताछ की। पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है। बता दें, नौसड़ चौकी के पास चोरनियों द्वारा अब तक कई घटनाओं को अंजाम दिया जा चुका है। इनसे सख्ती से पूछताछ हो तो ऑटो में हुई महिलाओं के साथ चेन चोरी की अन्य घटनाओं का भी राजफाश हो सकता है।

वर्जन

पीडि़त महिला की तहरीर मिली है। दो महिलाओं को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने अपना नाम अंजली व मोंगा देवी निवासी मझवलिया थाना गगहा बताया। उनके साथियों की तलाश की जा रही है।

- विनय मिश्रा, चौकी इंचार्ज नौसड़