- चर्च से लौट रही थी महिला रास्ते रोका

- कागज में गहने रखकर हुए फरार

GORAKHPUR:

शातिरों के दिलों से पुलिस का खौफ बिल्कुल निकल चुका है। इसका जीता एग्जामपल संडे को सामने आया। बशारतपुर चर्च से लौट रही महिला से पुलिस बनकर शातिरों ने गहने लूट लिए। चेकिंग के नाम पर उन्होंने पहले महिला से गहने लेकर पेपर में रखा, उसके बाद असली जेवर गायब कर लोहे के गहने थमा कर चंपत हो गए। महिला ने जब कागज खोला तो उसके होश फाख्ता हो गए, कागज में लपेटे हुए गहने लोहे के थे। महिला ने मुकामी पुलिस को इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में लगी है।

घर लौट रही थी महिला

बशारतपुर जाहिद अली कॉलोनी निवासी आरके नेल्सन की पत्‍‌नी सितारा नेल्सन संडे मार्निग चर्च पहुंची। प्रेयर के बाद वह करीब 9 बजे वापस घर लौट रही थी। इसी बीच तीन युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। उन्होंने कहा कि सिटी में गहने पहन कर चलने पर रोक लगा है और पुलिस इसकी चेकिंग में लगी है। उन्होंने उस महिला से गहने उतरवाकर कागज में रखने को कहा। महिला ने हाथ से सोने की चार चूड़ी, सोने की चेन उतरवाई और एक पेपर में रख कर पैक कर दिया। इसके बाद उन्होंने अपने हाथों से गहने को महिला के बैग में रखा और वहां से चल दिए। आगे जाकर उन्होंने एक युवक को भी निशाना बनाया और उसकी अंगूठी लेकर फरार हो गए। महिला ने जब बैग में रखा पेपर खोला तो उसमें लोहे की चूड़ी और चेन मिली। सितारा की मानें तो इन्हीं युवकों ने 23 जुलाई को भी चर्च से लौटते समय रास्ता रोका था।

सीसी कैमरे में कैंद हुई घटना

जिस समय महिला के साथ लूट हुई, वह एक शॉप के सामने पहुंची थी। लूट का पूरा घटनाक्रम शॉप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। महिला ने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल पर स्थित शॉप में लगे सीसी कैमरे की फुटेज निकलवाई है और उसी के आधार पर शातिरों की तलाश में जुट गई है।

घटना की जानकारी है। महिला की ओर से अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिले के बाद मामला दर्ज किया जाएगा। साथ ही सीसी फुटेज से बदमाशों की पहचान की जा रही है।

- अनिल उपाध्याय, एसओ, शाहपुर