लखनऊ (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के जेल मंत्री धर्मवीर प्रजापति द्वारा करवा चाैथ पर एक विशेष निर्देश जारी किया गया है। निर्देश जारी किए जाने के बाद विवाहित महिला कैदियों को उपवास रखने और त्योहार से जुड़े सभी अनुष्ठान करने की अनुमति दी जा रही है। जेल अधिकारियों ने महिला कैदियों के परिवार के सदस्यों को पूजा सामग्री और खाद्य सामग्री भेजने की भी अनुमति दी है। लखनऊ जेल में लगभग 50 महिला कैदी 'करवा चौथ' के अवसर पर गुरुवार को उपवास रख रही हैं। विवाहित महिला कैदियों में से 10 कैदी जेल में अपना पहला करवा चौथ मना रही हैं।

महिलाओं को सभी अनुष्ठानों को देखने की अनुमति दी जा रही है
इस संबंध में जिला जेल के वरिष्ठ अधीक्षक आशीष तिवारी ने कहा, इन महिलाओं को सभी अनुष्ठानों को देखने की अनुमति दी जाएगी। महिलाओं को चांद दिखने के बाद होने वाली पूजा के लिए बैरक के बाहर एक घेरे में बैठने की अनुमति होगी। पूजा संपन्न होने के बाद ही उनके बैरक को बंद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि त्योहार मनाने की इच्छा रखने वाली महिला कैदियों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्था की जाए।

पति की हत्या में शामिल दो महिला कैदियों ने रखा करवा चाैथ व्रत
इसके अलावा करीब आधा दर्जन महिला कैदियों के पति भी जेल में बंद हैं। उन्हें भी इस शुभ दिन पर अपनी पत्नियों से मिलने की अनुमति दी जाएगी। वहीं गोरखपुर में गुरुवार को जिला जेल की करीब 12 महिला कैदी पतियों के लिए करवा चौथ का व्रत रख रही हैं। इनमें अपने पतियों की हत्या में शामिल दो महिला कैदी भी उपवास रख रही हैं। वहीं सूत्रों ने बताया कि प्रेमी की मदद से अपने भाई की हत्या करने के आरोप में जेल में बंद एक मुस्लिम महिला भी उपवास कर रही है।

National News inextlive from India News Desk