RAJNAGAR: राजनगर के दुर्गा मैदान में देश करमा महोत्सव को लेकर टेंट निर्माण के दौरान शुक्रवार को एक मजदूर की करंट से मौत हो गई। घटना दोपहर करीब 12 बजे की है। मजदूर का नाम सालखु मुर्मू उर्फ लेड़ा(26) है। वह पूर्वी सिंहभूम जिले के बागबेड़ा थाना क्षेत्र के बेड़ाडीपा गांव का रहने वाला था। जानकारी के अनुसार राजनगर के दुर्गा मैदान में देशकर्मा महोत्सव को लेकर वृहत टेंट का निर्माण किया जा रहा है। दोपहर को लंच के बाद सालखु मुर्मू काम पर लगा गया। जबकि बाकी मजदूर खाने के बाद कुछ देर आराम फरमा रहे थे। इसी दौरान जैसे ही गाड़ने के लिए सालखु ने बांस उठाया। बांस उससे ठीक से सम्भला नहीं और मैदान से गुजरे 11 हजार वाल्ट की नंगी तार से बांस सम्पर्क कर गया। बांस च्च्चा होने व जमीन गीला होने के कारण तार से बांस में करंट तेजी से प्रवाहित हुआ। जिससे बांस में ही उसका हाथ लटक गया। चंद सेकेंड में ही करंट से तड़पकर सालखु की वहीं मौत हो गई। साथी मजदूर चाहकर भी उसे बचा नहीं सके। घटना के तुरंत बाद मजदूरों ने अपने मालिक को सूचना दी। मौके पर तुरंत पहुंचकर मालिक ने ही उठाकर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजनगर पहुंचाया। जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मालिक ने घटना की सूचना सालखु के परिजनों को दी। परिजनों के पहुंचने के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला भेज दिया।

आज ही आया था काम पर

सालखु मुर्मू उर्फ लेड़ा आज ही शुक्रवार को ही टेंट का काम करने के लिए गांव से आया था। पहले से ही वह इस टेंट मालिक के यहां काम करता था। छुट्टी पर गांव गया हुआ था। राजनगर में 15 को देशकर्मा महोत्सव होना है। जिसके लिए काम में तेजी लाने के लिए मालिक ने मजदूरों की संख्या बढ़ाई थी। राजनगर दुर्गा मैदान में काम पर नया होने के चलते शायद उन्हें ऊपर से गुजरे 11 हजार वाल्ट का तार होने का अंदाजा न लगा। जिससे बांस तार से सट गया और बड़ा हादसा हुआ। बताया जाता है कि सालखु के माता पिता नहीं हैं। घर में चाचा-चाची व अन्य सदस्यों के साथ सालखु रहता था और टेंट बनाने का काम करता था।