कानपुर। भारत बनाम बांग्लादेश के बीच पहला डे-नाइट टेस्ट कोलकाता में शुरु हो गया है। इस मैच में बांग्लादेश ने टाॅस जीतकर पहले बैटिंग का निर्णय लिया। हालांकि मेहमान टीम के इस डिसीजन को गलत साबित किया भारतीय गेंदबाजों ने। लाल गेंद से कहर ढाने वाले इंडियन पेसर्स पिंक बाॅल से भी शानदार गेंदबाजी कर रहे हैं। लंच तक भारत ने बांग्लादेश के छह विकेट गिरा दिए थे। इस बीच भारतीय विकेटकीपर रिद्घिमान साहा ने एक बड़ा कीर्तिमान भी अपने नाम कर लिया।


साहा ने पूरा किया अनोखा शतक
35 वर्षीय इंडियन विकेटकीपर रिद्घिमान साहा टेस्ट में 100 से ज्यादा शिकार करने वाले पांचवें भारतीय विकेटकीपर बन गए हैं। साहा ने अपना 100वां शिकार कोलकाता पिंक बाॅल टेस्ट में शादमान इस्लाम को बनाया। जब उमेश यादव की गेंद पर कट लगाने के चक्कर में बाॅल इस्लाम के बल्ले का बाहरी किनारा लेते हुए विकेटकीपर साहा के दस्तानों में चली गई। इधर उमेश को विकेट मिला, उधर बतौर विकेटकीपर साहा ने अपना 100वां डिसमिसल भी कर लिया। यही नहीं खबर लिखे जाने तक साहा ने एक और कैच पकड़कर अपने खाते में 101 शिकार कर लिए हैं।
pink ball test: रिद्घिमान साहा बने 100 से ज्यादा शिकार करने वाले पांचवें भारतीय विकेटकीपर
एमएस धोनी हैं टाॅप पर

भारत के लिए बतौर विकेटकीपर सबसे ज्यादा डिसमिसल्स करने वालों में साहा पांचवें नंबर पर है। इस लिस्ट में सबसे पहला नाम एमएस धोनी का आता है। टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके माही ने अपने करियर में 90 टेस्ट खेलकर कुल 294 शिकार किए हैं। इसमें 256 कैच और 38 स्टंपिंग हैं।

जानें किसने किए कितने शिकार

धोनी के बाद इस लिस्ट में सैयद किरमानी का नाम आता है जिन्होंने 88 मैचों में 198 शिकार किए। इसमें 160 कैच हैं वहीं 38 स्टंपिंग। वहीं तीसरे नंबर पर किरण मोरे हैं जिन्होंने 7 साल लंबे टेस्ट करियर में कुल 49 मैच खेलकर 130 शिकार किए। इसमें 110 कैच तो 20 स्टंपिंग है। वहीं चौथा नाम नयन मोंगिया का है जिन्होंने 107 डिसमिसल किए। इसमें 99 कैच और 8 स्टंपिंग हैं। पांचवें नंबर पर स्थित साहा ने अब तक 101 शिकार में 90 कैच और 11 स्टंपिंग की हैं।

 

Cricket News inextlive from Cricket News Desk