खंदौली। यमुना एक्सप्रेस वे के इंटरचेंज पर तैनात गार्ड को शुक्रवार की शाम करीब एक कार ने रौंद दिया, जिससे गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने गार्ड को इलाज के लिए अस्पताल के लिए भेज दिया, जहां चिकित्सकों ने गार्ड को मृत घोषित कर दिया। कार चालक को हिरासत में ले लिया है। मृतक के भाई ने तहरीर दी है।

जानकारी के अनुसार पेंतीखेड़ा निवासी 35 वर्षीय मुकेश पुत्र पातीराम एडवेंचर सिक्योरटी कंपनी की तरफ से गार्ड के रूप में यमुना एक्सप्रेस वे पर डीजी जनरेटर पर छह वर्ष से तैनात था। शुक्रवार को मुकेश को कंपनी द्वारा इंटरचेंज के नीचे डीजे जनरेटर पर तैनात किया गया था। शाम साढ़े पांच बजे करीब मुकेश सड़क पार कर रहा था, तभी सादाबाद की तरफ से आ रही बिना नंबर की सेंट्रो कार ने उसे टक्कर मार दी। मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को इलाज के लिए अस्पताल के लिए भेज दिया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इधर टक्कर मारकर कार चालक भागने की कोशिश कर रहा था लेकिन उसे पकड़ लिया गया। सैनिक विहार मधु नगर आगरा निवासी रिटायर्ड कैप्टन गजेंद्र सिंह ने सेंट्रो कार एक सप्ताह पहले ही खरीदी थी और कैप्टन अपनी पत्नी नीलम देवी के साथ मथुरा से दर्शन कर लौट रहे थे। कार को खुद रिटायर्ड कैप्टन गजेंद्र सिंह चला रहे थे। मृतक के भाई ने कार चालक के खिलाफ तहरीर दी है।