नई दिल्ली (पीटीआई)। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को हाथरस सामूहिक दुष्कर्म की घटना को लेकर उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर निशाना साधा। 19 साल की दलित लड़की के साथ 14 सितंबर को उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में चार लोगों द्वारा कथित रूप से दुष्कर्म किया गया था। उसका उपचार दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में हो रहा था जहां मंगलवार सुबह उसका निधन हो गया। इस घटना को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने दुख और उत्तर प्रदेश की सरकार पर गुस्सा जताते हुए लगातार दो ट्वीट किए।

बच्ची के कातिलों को कड़ी से कड़ी सजा मिले

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया हाथरस में हैवानियत झेलने वाली दलित बच्ची ने सफदरजंग अस्पताल में दम तोड़ दिया। दो हफ्ते तक वह अस्पतालों में जिंदगी और मौत से जूझती रही। हाथरस, शाहजहांपुर और गोरखपुर में एक के बाद एक दुष्कर्म की घटनाओं ने राज्य को हिला दिया है। दूसरे ट्वीट में कहा यूपी में कानून व्यवस्था हद से ज्यादा बिगड़ चुकी है। महिलाओं की सुरक्षा का नाम-ओ-निशान नहीं है।अपराधी खुले आम अपराध कर रहे हैं। इस बच्ची के कातिलों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उप्र की महिलाओं की सुरक्षा के प्रति आप जवाबदेह हैं।

सोमवार को अलीगढ़ से दिल्ली भेज दिया गया

बता दें कि उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में पीड़िता के साथ 14 सितंबर को सामूहिक दुष्कर्म किया गया था जिसके बाद उसे अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कालेज और अस्पताल अलीगढ़ में भर्ती कराया गया था। उसके हालत में सुधार के कोई संकेत नहीं मिलने के बाद सोमवार को अलीगढ़ से दिल्ली भेज दिया गया। कहा जा रहा है कि आरोपियों ने पीड़िता का गला घोंट कर हत्या करने की भी कोशिश की थी क्योंकि वह उन दरिंदों से भिड़ी थी। इस विरोध के दाैरान पीड़िता की जीभ कट गई। चार लोगों द्वारा कथित रूप से दुष्कर्म किया गया था।

National News inextlive from India News Desk