भोर में मायके ले जाने का पति ने किया था वादा

देर तक सोता रह गया तो पत्‍‌नी ने कर लिया सुसाइड

ALLAHABAD: पति ने रात में वादा किया था कि भोर में लेकर मायके जाएगा, ताकि पत्‍‌नी भाई की कलाई पर राखी बांध सके। लेकिन सुबह देर तक सोता रह गया। पत्‍‌नी ने वादा याद दिलाया तो कहा कि अब वह नहीं जा सकेगा, गाड़ी मंगवा दे रहा है पत्‍‌नी अकेली चली जाए। इसके बाद नाराज पत्‍‌नी बाथरूम में नहाने के लिए घूसी तो अंदर फांसी पर लटक गई। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। हालांकि अभी तक उनकी ओर से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।

15 साल पहले हुई थी शादी

जार्जटाउन थाना क्षेत्र के सर्वोदय नगर अल्लापुर के राम प्रसाद आरओ प्लांट और पानी का कारोबार करते हैं। करीब 15 साल पहले प्रतापगढ़ निवासी सोनी दुबे से उनकी शादी हुई। इनके दो बेटे हैं। रविवार सुबह करीब 10 बजे सोनी ने बाथरूम में साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। रक्षाबंधन के त्योहार पर सोनी की मौत से परिवार में मातम छा गया। घटना की जानकारी होते ही जार्जटाउन पुलिस मौके पर पहुंच गई।

बाथरूम का दरवाजा तोड़ा

चौकी इंचार्ज अल्लापुर धर्मेद्र कुमार ने बताया कि सोनी ने शनिवार रात अपने पति से कहा था कि राखी बांधने के लिए मायके जाना है। तब पति ने भोर में चलने की बात कही थी। रविवार सुबह पति राम प्रसाद देर तक सोता रहा। इससे सोनी नाराज हो गई। नींद खुलने पर पति ने कहा कि वह कार मंगवा दे रहा है। सोनी मायके जाकर राखी बांध आए। इसके बाद सोनी बाथरूम में नहाने के लिए गई। काफी देर तक नहीं निकली तो दरवाजा खटखटाया, लेकिन उत्तर नहीं मिला। दरवाजा तोड़कर देखा तो सोनी फंदे पर लटक रही थी। घटना की जानकारी मायके वालों को हुई तो वे घर पहुंचे और हंगामा किया।