AGRA (2 Dec.): रविवार को परिवार उसकी शादी पक्की करने जाने वाला था। सभी लोग घर में शादी की तैयारी में जुटे हुए थे। घरवाले मार्केट से खरीदारी कर चुके थे। लेकिन उनको क्या पता था कि इससे पूर्व ही वह दुनिया छोड़ देगा। युवक की मौत पर घर में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजा है। घायलों को अस्पताल में एडमिट कराया गया है।

शादी में काम करने गया था

जीवनी मंडी नया घेर निवासी 25 वर्षीय संजू पुत्र पप्पू बघेल हलवाई का काम करता था। मंगलवार की सुबह वह ठेकेदार गंगा सिंह सहित सात से आठ लोग सेवला सदर में शादी समारोह में काम करने गए थे। रात में साढ़े दस बजे करीब लौटने के दौरान सेवला पेट्रोल पम्प के पास ऑटो डिवायडर से टकरा कर पलट गया। मौके पर चीख-पुकार मच गई।

रास्ते में हुई युवक की मौत

ऑटो पलटते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई थी। लोगों ने किसी तरह ऑटो को सीधा किया। सूचना पर पुलिस पहुंच गई थी। लोग संजू को उपचार हेतु एसएन ला रहे थे लेकिन उसने रास्ते में दम तोड़ दिया बाकि बैठे लोग घायल हो गए। घायलों के नाम महेश, विज्जू, गंगा सिंह, दीपक दीपेश व दो तीन अन्य बताए गए हैं। संजू की मौत की खबर से घर में कोहराम मच गया।

पक्की करने जाने वाले थे

परिजनों का कहना था कि उसका संबंध सुशील नगर में तय कर दिया था। लड़की भी देख ली थी। रविवार को परिवार के लोग उसकी शादी पक्की करने जाने वाले थे। लेकिन उन्हें क्या पता था कि यह खुशियां इतनी जल्दी उनसे छिन जाएगी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजा। परिजनों के मुताबिक मृतक दो भाई में बड़ा था।