साथी ने फोन करके बुलाया था घर से

धूमनगंज थाना क्षेत्र के टीपी नगर में शुक्रवार की रात रिकू पासी नामक 20 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। हत्या के बाद हमलावर मौके से भाग निकला। उसकी हत्या क्यों की गयी? यह समाचार लिखे जाने के समय तक स्पष्ट नहीं था। परिवार में रोना-पीटना मचा होने से पुलिस भी इस पर कुछ पूछताछ नहीं कर पायी।

रात नौ बजे की घटना

मूल रूप से धूमनगंज एरिया के मुबारकपुर गांव का रहने वाला रिकू पुत्र राम सिंह पासी घर पर मौजूद था। परिवार के सदस्यों ने बताया कि उसे गांव के ही रहने वाले दीपू ने फोन करके बुलाया था। इसके बाद वह घर से निकला और कुछ दूरी पर उतारे गये बालू पर बैठकर दोनो बातें कर रहे थे। दोनो के बीच क्या बात हुई पता नहीं चला। लोगों का ध्यान उधर तब गया जब गोली चलने की आवाज आयी। लोग पहुंचे तो सिर पर गोली लगने से रिकू छटपटा रहा था। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने उसे गंभीर अवस्था में एसआरएन भेजवाया। यहां करीब साढ़े नौ बजे उसने दम तोड़ दिया। इसकी सूचना पर पूरा परिवार एसआरएन हॉस्पिटल पहुंच गया। परिवार के लोग हत्या का कारण बता पाने की स्थिति में नहीं थे। सूचना मिलने पर एसएसपी नितिन तिवारी भी स्पॉट पर पहुंचे और रिश्तेदारों के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की।

रिकू की मौत हो चुकी है। बॉडी पोस्टमार्टम के लिए भेजी जा रही है। कारण का पता नहीं चला है। आरोपित की तलाश में पुलिस टीम लगा दी गयी है।

नितिन तिवारी

एसएसपी, इलाहाबाद