RANCHI: रांची रेलवे स्टेशन से पैसेंजर्स की संख्या में हर माह 3600 की गिरावट आ रही है। यह आंकड़ा वित्तीय वर्ष 2014-15 व 2015-16 के पहले पांच महीनों का है, जहां ट्रेनों से ट्रैवल करने वाले कुल 18 हजार पैसेंजर्स कम हुए हैं। दरअसल, भीड़ व वेटिंग टिकट कंफर्म नहीं होने के कारण अधिकतर लोग ट्रेनों में सफर करना नहीं चाह रहे हैं। आलम यह है कि लोग कार या प्लेन से सफर करना ज्यादा पसंद कर रहे हैं। भले ही इसमें जेब ज्यादा ढीली हो रही हो, लेकिन आराम तो रहता है न। समय की बचत भी होती है।

पांच महीने में 32 लाख का घाटा

ट्रेनों में सफर की लोकप्रियता घटने से साउथ इस्टर्न जोन के रांची रेलवे स्टेशन की आय में भी गिरावट आई है। आंकड़ों पर गौर करें, तो सिर्फ पांच महीने में ही रेलवे को 31,89,157 रुपए का घाटा हुआ है। यानी मंथली रेलवे को 6,37,831 रुपए का नुकसान हो रहा है। इसे लेकर रेल विभाग की चिंता बढ़ गई है। ऐसे में देखना यह होगा कि पैसेंजर्स की संख्या बढ़ाने के लिए रेलवे विभाग क्या उपाय करता है।

भीड़ ने घटाया इंटरेस्ट

रांची स्टेशन से देश के विभिन्न राज्यों के लिए ट्रेनें चल रही हैं। लेकिन कुछ ट्रेनों को छोड़कर बाकी में बुकिंग फुल होती है। ऐसे में लोगों को वेटिंग टिकट मिलता है। कई बार तो टिकट कंफर्म नहीं होता है, जिससे लोगों को परेशानी के बीच सफर करना पड़ता है। या फिर उन्हें टिकट रिटर्न करना पड़ता है। इन्हीं झंझटों से बचने के लिए ट्रेन में सफर करने वाले पैसेंजर्स ट्रेन को ना कहने लगे हैं।

हायर कार व प्लेन में सफर आसन

बढ़ती भीड़ की वजह से ट्रेन में लोगों को जगह नहीं मिल पा रही है। वहीं पैसे खर्च करने के बाद भी लोगों को काफी परेशानी हो रही है। ऐसे में लोग या तो प्राइवेट गाडि़यों में सफर कर रहे हैं या फिर प्लेन में। ऐसी यात्रा से खर्च थोड़ा बढ़ जाता है, लेकिन आराम मिलने की वजह से लोग ज्यादा पैसे खर्च करने से भी नहीं हिचकते।

2014-15 में अगस्त तक का आंकड़ा

महीना पैसेंजर्स आय (करोड़ में)

अप्रैल 35,9947 2,07,81,896

मई 4,20,258 2,50,22,400

जून 4,02,113 2,55,55,599

जुलाई 3,66,678 2,60,78,347

अगस्त 3,46,761 2,20,81,332

कुल 18,95,757 11,95,19,574

2015-16 अगस्त तक का आंकड़ा

महीना पैसेंजर्स आय (करोड़ में)

अप्रैल 3,63,012 2,35,01,178

मई 4,07,223 2,73,22,162

जून 396531 1,85,53,432

जुलाई 3,46,781 23210106

अगस्त 3,64,263 2,37,43,535

कुल 18,77,810 11,63,30,417

सीनियर डीसीएम नीरज कुमार से सीधी बात

सवाल: रांची स्टेशन से ट्रेनों में पैसेंजर्स की संख्या घट गई है?

जवाब : हां, यह सच है कि रांची से ट्रैवल करने वाले पैसेंजर्स कम हुए हैं। यह पैसेंजर का अपना फैसला है। इसमें विभाग क्या कर सकता है।

सवाल : पिछले साल और इस साल के अगस्त तक के आंकड़े बता रहे हैं कि करीब 18 हजार पैसेंजर्स कम हो गए?

जवाब : ट्रेनों में भीड़ काफी होती है। ऐसे में वेटिंग टिकट लेकर सफर करने की बजाय लोग अपनी गाड़ी में या प्लेन में सफर करना ज्यादा पसंद कर रहे हैं। हालांकि इसमें पैसेंजर्स की जेब हल्की हो रही है, लेकिन उन्हें आराम भी मिलता है। वहीं टाइम की बचत होती है, सो अलग।