लखनऊ, (ब्यूरो)। COVID 19 in Lucknow: कल 82 मरीजों के कोरोनावायरस के टेस्ट किए गए जिसमें सभी निगेटिव पाए गए। जबकि केजीएमयू की जांच में आगरा के युवक में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई और सिंगर कनिका कपूर की चौथी रिपोर्ट शनिवार को भी नहीं आ सकी। केजीएमयू और पीजीआई में मिलाकर कई मरीजों की जांचें की गईं। लखनऊ में आठवें दिन भी कोई पॉजिटिव नहीं मिला। उधर, लंदन से लौटे आगरा के युवक में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। इसके अलावा आठ मरीजों को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।

लंदन से आगरा लौटा था

केजीएमयू प्रवक्ता डॉ. सुधीर सिंह के मुताबिक, शनिवार को 75 नमूनों की जांच की गई। इसमें आगरा के युवक (27) को कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है। यह युवक 17 मार्च को लंदन से लौटा था। इसका इलाज आगरा के अस्पताल में चल रहा है। वहीं, शेष 74 सैंपल निगेटिव आए।

लखनऊ में कोई नया मामला नहीं

लखनऊ में भी आठ दिन से कोई नया मामला सामने नहीं आया है। ऐसे में शहरवासियों ने राहत की सांस ली। वहीं, पीजीआई में सात मरीजों की जांच की गई। सभी निगेटिव आए. उधर, सिंगर कनिका कपूर की चौथी जांच की रिपोर्ट नहीं आ सकी। उनका दोबारा सैंपल लैब भेजा गया है।

दो संदिग्ध, आठ पॉजिटिव भर्ती

केजीएमयू में सात कोरोना के पॉजिटिव मरीजों का इलाज चल रहा है। एक संदिग्ध मरीज भर्ती है। वहीं, पीजीआई में कनिका का इलाज चल रहा है। यहां भी एक संदिग्ध मरीज भर्ती किया गया है। लोकबंधु अस्पताल में 40 क्वारंटाइन में हैं।

lucknow@inext.co.in

National News inextlive from India News Desk