RANCHI: चुटिया पुलिस ने रंगदारी व जान मारने की धमकी देने के मामले में फरार अभियुक्त रवि मुंडा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार रवि पिछले दो सालों से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था। बुधवार की रात पुलिस ने आरोपी को मुकचुंद टोली स्थित उसके घर से गुप्त सूचना पर पकड़ा है। पूछताछ में गिरफ्तार रवि ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसने कहा कि सोनू नायक और रामू नायक के कहने पर सभी लोग महिला गांगी मुंडाईन के घर हथियार लेकर गए थे। मामला पूरा जमीन विवाद से संबंधित था। गुरुवार को पूछताछ करने के बाद पुलिस ने कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया है।

पूर्व में नौ आरोपी जा चुके है जेल

इस कांड के अनुसंधानकर्ता ने कहा कि घटना के बाद मामले में संलिप्त नौ लोगों को पहले ही जेल भेजा जा चुका है। इनमें सोनू नायक, रामू नायक, देवेश सोनी, सूरज सिंह, खुदी सिंह, सोमा मुंडा, सुधीर मुंडा, बबलू मुंडा, समीर मुंडा शामिल हैं। इनलोगों ने भी पूछताछ में जमीन को लेकर विवाद की बात बताई थी। वहीं हथियार लेकर घर में घुसने की बात स्वीकार की थी।

क्या है मामला

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, 8 दिसंबर 2015 की रात सोनू नायक और रामू नायक अपने दोस्तों के साथ जबरन रात में गांगी मुंडाईन के घर घुसे। सभी लोग हथियार से लैस थे। रामू जबरन एग्रीमेंट पेपर पर हस्ताक्षर कराने लगा। विरोध करने पर आरोपियों ने रंगदारी मांगते हुए जान मारने की धमकी दी। इसके बाद परेशान होकर दूसरे दिन महिला ने मामले की जानकारी चुटिया पुलिस को दी। इसके बाद दस लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई।