AGRA: राष्ट्रीय महत्व की धरोहर मरियम टॉम्ब में तैनात भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के अवैध रूप से वसूली करने वाले कर्मचारी के खिलाफ आखिरकार एक्शन ले ही लिया गया। मुख्यालय द्वारा लिए गए एक्शन के मुताबिक आरोपी कर्मचारी को आगरा से हटाकर कन्नौज स्थानांतरित कर दिया गया।

आई नेक्स्ट ने किया था स्टिंग

नेशनल हाइवे नं। टू, सिकंदरा एरिया स्थित मरियम टॉम्ब में पार्किग के नाम पर अवैध वसूली के खेल के बारे में आई नेक्स्ट को पता लगी थी। इसके बाद आई नेक्स्ट की ओर से एक स्टिंग किया गया। जिसमें वसूली के खेल का पूरा पूरा खुलासा हुआ।

कैमरे में कैद हुआ था खेल का खुलासा

इस स्टिंग के दौरान मरियम टॉम्ब में तैनात किए गए एएसआई के पहलवान नाम से फेमस कर्मचारी मान्युमेंट अटेंडेंट इस्लाम धरोहर के गेट के बाहर वाहन खड़े करवाकर अवैध रूप से पार्किग शुल्क वसूलते हुए कैमरे में कैद किया गया। स्टिंग इतनी सावधानी से किया गया कि अवैध वसूली के आरोपी के साथ तैनात अन्य कर्मचारी भी कुछ नहीं समझ पाए। आई नेक्स्ट ने एएसआई कर्मचारी के इस खेल का पूरा खुलासा किया।

मुख्यालय ने लिया था संज्ञान

आई नेक्स्ट में स्टिंग ऑपरेशन के प्रकाशित होने के बाद अवैध रूप से कमाई करने वाले कर्मचारियों में खलबली मच गयी थी। मरियम टॉम्ब के लिए जिम्मेदार अधिकारी वरिष्ठ संरक्षण सहायक रंजीत सिंह ने आरोपी कर्मचारी को बाकायदा मीमो थमाया था। इस मीमो के माध्यम से कर्मचारी से स्पष्टीकरण मांगा गया था। तीन दिन के अंदर जवाब देने के आदेश दिए थे। इसी दौरान इस मामले पर आगरा सर्किल मुख्यालय के अधिकारी अधीक्षण पुरातत्वविद् ने इस पूरे मामले पर संज्ञान ले लिया था।

कर्मचारी के खिलाफ हुआ एक्शन

विभागीय जांच के बाद अवैध वसूली के आरोपी एएसआई कर्मचारी पहलवान को अवैध वसूली का दोषी पाया गया। इसके बाद मॉन्युमेंट अटेंडेंट के खिलाफ एक्शन लिया गया। आरोपी आगरा में उसकी तैनाती से हटा दिया गया। इसके साथ ही दंडित करते हुए उसे कन्नौज में नई तैनाती सौंपी गई है।