महिला ने पुलिस के सामने किया हंगामा

- ससुराल पक्ष पर जेवर चोरी का लगाया आरोप

- पहले परिवार परामर्श केंद्र फिर एसएसपी ऑफिस में हंगामा

Meerut: महज तीन महीने की शादी में ही एक परिवार में कोहराम मच गया है। विवाहिता और ससुराल पक्ष आमने-सामने आ गए हैं। विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर महिला थाना में एफआईआर दर्ज करा दी है। शुक्रवार को परिवार परामर्श केंद्र में तारीख होने पर दोनों पक्षों में जमकर हंगामा हुआ। इसके बाद महिला पुलिस ऑफिस भी पहुंची। वहां पर भी उसने ससुराल पक्ष पर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। अधिकारियों ने उसे चुप कराकर मामले को परिवार परामर्श केंद्र में ही सुलझाने को कहा।

जेल भेजने की मांग

कंकरखेड़ा के जवाहर नगर निवासी महिला की शादी रोहटा रोड निवासी युवक से 15 फरवरी 2016 को शादी हुई थी। महिला का आरोप है कि शादी में उसके मायके की तरफ से जितना भी जेवर मिला वह ससुराल पक्ष के लोगों ने बांट लिया। एक जेवर भी उसे नहीं दिया। अब जब वह मांगती है तो सब धमकाते हैं। इसको लेकर उसने महिला थाना में रिपोर्ट भी दर्ज करा रखी है। शुक्रवार को परिवार परामर्श केंद्र में दोनों पक्ष को बुलाया गया था। महिला ने वहां पर हंगामा काट दिया। ससुराल पक्ष को तुरंत जेल भेजने की मांग करने लगी। वहां पर बात नहीं बनी तो वह एसएसपी ऑफिस आ गई। पीछे-पीछे ससुराल पक्ष वाले भी आ गए। वहां पर भी महिला ने जमकर बवाल काटा। एसएसपी ऑफिस में उसने ससुराल पक्ष को चोर बताया। काफी तेज-तेज आवाज में वह डांट रही थी। वहां मौजूद सीओ ऑफिस वंदना मिश्रा ने उसे परिवार परामर्श केंद्र में मामला सुलझाने को कह जाने को कहा गया है।