JAMSHEDPUR: ढाई लाख आबादी वाले मानगो इलाके में एक भी हाईस्कूल नहीं है। जिसके कारण यहां के 825 बच्चों का भविष्य अधर में है। ये सभी अभी मानगो के आठ मिडिल स्कूलों में पढ़ रहे हैं जो अब कक्षा नौ में जाएंगे। मानगो वेलफेयर मिशन ने शनिवार को उपायुक्त कार्यालय में प्रदर्शन कर इलाके में हाईस्कूल खोलने की मांग की है। इस बाबत मिशन के राजेश श्रीवास्तव और डा। अफरोज शकील ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। इनलोगों ने गांधी मैदान में चल रहे महात्मा गांधी मध्य विद्यालय को हाईस्कूल का दर्जा देने की मांग की है। मालूम हो कि मानगो में प्राइमरी स्कूल तो खूब हैं लेकिन, हाईस्कूल नहीं हैं।

जाना पड़ता है बाहर

समाजसेवी डा। अफरोज शकील ने बताया कि महात्मा गांधी मध्य विद्यालय की बिल्डिंग काफी बड़ी है। कमरे भी पर्याप्त हैं। इस स्कूल को हाईस्कूल का दर्जा दिया जा सकता है। अभी इस स्कूल में आठवीं तक की पढ़ाई होती है। यहां 80 बच्चे हैं। सरकारी हाई स्कूल के मानगो क्षेत्र में नहीं होने से उच्च शिक्षा के लिए बच्चों को मानगो से बाहर जाना पड़ता है। प्रदर्शन करने वालों में प्रो। इकबाल, जैनउद्दीन, शाहिद अख्तर, मो। जफर, जैद, राजू, नौशाद, ओसामा, शकील, इरशाद आलिम आदि थे।