कुंभ मेला की तैयारियों से जुड़े सभी विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के मुख्यालय छोड़ने पर लगी रोक
prayagraj@inext.co.in
PRAYAGRAJ: कुंभ मेला के कार्यो से जुड़े सभी विभागों के अफसर-कर्मचारियों की दिवाली इस बार प्रयाग में ही मनेगी। तीन दिन का अवकाश एक साथ होने को कोई फायदा उन्हें नहीं होने जा रहा है। इसके पीछे है कमिश्नर का एक आदेश जिसमें उन्होंने सभी अफसर-कर्मचारियों के मुख्यालय छोड़ने पर रोक लगा दी है। विशेष परिस्थितियों में मुख्यालय छोड़ने की अनुमति सिर्फ कमिश्नर देंगे। इसे लेकर दिवाली पर अपनो के बीच पहुंचने की योजना बनाकर बैठे अफसर-कर्मचारियों को झटका लगा है।
सोमवार से हो रहा छुट्टी का आगाज
दीपोत्सव पर्व का आगाज सोमवार 5 नवंबर से हो रहा है। प्राइमरी स्कूलों में रविवार से ही अवकाश की शुरुआत हो गयी। इलाहाबाद हाई कोर्ट में शुक्रवार से ही दिवाली का अवकाश शुरू हो चुका है। कोर्ट अब 12 नवंबर को खुलेगी। बैंकों में बंदी बुधवार से लेकर रविवार तक है। स्टेट गवर्नमेंट के ऑफिसेज में भी सात से 11 नवंबर तक अवकाश है। इसे देखते हुए सभी ने दिवाली पर टूर प्लान कर लिया था। लेकिन, शुक्रवार को प्रयागराज में कार्यरत अधिकारियों व कर्मचारियों को तगड़ा झटका लगा। कारण हैं संगम की रेती पर लगने जा रहे कुंभ मेला से संबंधित कार्य। जितने भी विभाग कुंभ कार्य से जुड़े हैं उनके अधिकारियों व कर्मचारियों को दीपावली के दौरान शहर से बाहर जाने पर पाबंदी लगा दी गई है।
कमिश्नर का निर्देश, चकराए कर्मचारी
मेला कार्यो से जुड़े कार्यालय में कार्यरत सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को दीपावली के दौरान मुख्यालय पर रहना है।
कोई भी कर्मचारी या अधिकारी अधोहस्ताक्षरी की बिना पूर्व अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ेगा।
यह निर्देश कमिश्नर डॉ। आशीष कुमार गोयल के पत्रांक के क्रम में जैसे ही पावर कारपोरेशन व पर्यटन विभाग के अधिकारियों की ओर से कर्मचारियों को दिया गया वे चकरा गए।
टैगोर टाउन सब स्टेशन के एसडीओ विजय तिवारी की मानें तो सभी विभागों द्वारा जोरों पर कार्य किया जा रहा है।
ऐसी स्थिति को देखते हुए ही निर्देश जारी किया गया है।
इन प्रमुख विभागों का चल रहा कार्य
पावर कारपोरेशन
जल निगम
लोक निर्माण विभाग
पर्यटन विभाग
पुलिस विभाग
इलाहाबाद विकास प्राधिकरण
राज्य सेतु निगम
कुंभ मेला से संबंधित कार्यो को युद्धस्तर पर कराया जा रहा है। ऐसे में मेला के दायरे से जुड़े हुए विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों को रोका गया है। इसके लिए संबंधित विभागों को निर्देश जारी किया गया है।
डॉ। आशीष कुमार गोयल, कमिश्नर
कमिश्नर साहब का पत्र प्राप्त हुआ था। उसी संदर्भ में विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को दीपावली त्योहार के दौरान मुख्यालय पर ही रहने का निर्देश दिया गया है।
दिनेश कुमार,
उप निदेशक पर्यटन विभाग