PRAYAGRAJ: संस्कार भारती के माघ मेले में चल रहे अवलोकन तीरथराजु चलो रे कार्यक्रम में आज हरियाणा से आए लोक कलाकारों ने श्रद्धालुओं का मन मोहा। हरियाणवी गायन और नृत्य ने पूरी शाम रंगारंग कर दी। हरियाणवी कलाकारों ने मां गंगा के तट पर शिव स्तुति से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। दो और भजनों के बाद हरियाणा के लोक गायकों कमल पैगा और गायत्री ने रागनी गाकर लोगों पर लोकरंग बरसाया। हरियाणवी में देश भक्ति के गीत प्रस्तुत करके कलाकारों के दल ने घूमर नृत्य प्रस्तुत किया। घूमर नृत्य में कोमल, दिव्या, आरती, अनु और नैन्सी ने लोगों का दिल जीत लिया।

आज असम के कलाकार बिखेरेंगे रंग

इन कलाकारों के साथ अजय, भोजराज, सोमनाथ, सौरभ और सावन ने मिलकर हरियाणवी लोकनृत्य प्रस्तुत किया। हरियाणवी गायन और नृत्य पर हारमोनियम पर सब्बीर कुमार, ढोलक पर हरविंदर राणा, ताशा पर अनवर लाल ने अदभुत साथ दिया। संस्कार भारती की अध्यक्ष कल्पना सहाय ने बताया कि 26 जनवरी गणतंत्र दिवस पर असम के लोक कलाकारों का 17 सदस्यीय दल अपनी प्रस्तुति देकर एक भारत श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना साकार करेगा। हरियाणा से आए कलाकार भी 26 जनवरी को अपनी प्रस्तुति देंगें। नगर के वरिष्ठ रंगकर्मी पंकज गौड़ के नाटक की प्रस्तुति भी गणतंत्र दिवस पर होगी।