- 15 दिन पहले रखा था जॉब पर, एड देखकर आया था

- होटल के सीसीटीवी में कैद घटना, थाने में दी तहरीर

आगरा। थाना हरीपर्वत क्षेत्र स्थित गांधी नगर बाईपास पर असिस्टेंट मैनेजर ने ही होटल का कैश बॉक्स खाली कर दिया। हाल ही में उसे नई जॉब दी थी। शुक्रवार की सुबह असिस्टेंट मैनेजर ने कैश बॉक्स पर हाथ साफ कर दिया। वारदात का खुलासा तब हुआ, जब कैश बॉक्स की चाबी नहीं मिली। होटल के सीसीटीवी में ये घटना कैद हुई है। होटल मालिक ने थाने में शिकायत की है।

15 दिन पहले रखा था

कमला नगर निवासी दीपक गुप्ता पुत्र एससी गुप्ता का गांधी नगर बाईपास रोड पर होटल मोती महल के नाम से होटल है। होटल में मैनेजर सहित बीस लोगों का स्टाफ है। होटल में असिस्टेंट मैनेजर का पद खाली चल रहा था। इस पर होटल मालिक ने कुछ महीने पहले समाचार पत्रों में इस पद के लिए विज्ञापन दिया। 15 दिन पहले रतनगढ़ चुरु राजस्थान निवासी रोहित शर्मा पुत्र नंद किशोर ने होटल में इस पोस्ट के लिए संपर्क किया।

रहने-खाने का इंतजाम था

होटल मालिक दीपक गुप्ता ने बताया कि होटल में मैनेजर शुभम गुप्ता हैं, वही कैशियर भी हैं। यहां पर स्टाफ के रहने व खाने-पीने की व्यवस्था भी है। होटल में 16 सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। किसी भी कर्मचारी या कस्टमर की हरकत कैमरे में कैद होती है। शुक्रवार सुबह आठ बजे असिस्टेंट मैनेजर रोहित होटल में कैश बॉक्स के पास आया। लौटने के दौरान उसके हाथ में एक पॉलीबैग था जिसमें एक बॉक्स रखा था।

चाबी न मिलने पर खुला भेद

11 बजे जब होटल खुला तो कैश बॉक्स की चाबी नहीं मिली। कैशियर की जेब में चाबी नही थी। वहीं रोहित भी किसी को नहीं दिखा। काफी देर तक रोहित के न दिखने पर होटल मालिक का माथा ठनका। सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो उसमें रोहित कैश बॉक्स के पास से पॉलीबैग लेकर जाते देखा गया। सीसीटीवी में वह होटल से बाहर जाते हुए भी देखा गया।

थाने में की शिकायत

होटल मालिक ने इस संबंध में थाना हरीपर्वत में तहरीर दी है। इस घटना से होटल कर्मचारियों में चर्चा बनी हुई है। असिस्टेंट मैनेजर ने विश्वासघात किया। सुबह साढ़े सात बजे वह रेस्टोरेंट में किचिन के कर्मचारियों ने देखा उन्होने सुबह-सुबह आने का कारण पूछा तो उसने कहा कि उसे भूख लगी है। कर्मचारी उसके लिए चाय बनाने चला गया। इसी बीच उसने वारदात को अंजाम दे दिया।

जांच करने के बाद रखा था

होटल मालिक का कहना था कि रोहित को जॉब पर रखने से पहले उसकी जांच की गई। पहले वह अहमदाबाद में काम करता था। वहां पर मां की तबियत खराब हो जाने से वह चला आया। वहां पर दूसरा बंदा नियुक्त कर लिया। वह एमबीए व होटल मैनेजमेंट का कोर्स किए हुए है। होटल मालिक के मुताबिक वह कैश बॉक्स से एक लाख 80 हजार रुपये चोरी कर ले गया है।