दरभंगा (एएनआई)। बिहार विधानसभा चुनाव में नेताओं व उम्मीदवारों पर हमले का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बिहार में तीसरे चरण के मतदान से पहले गुरुवार को एक दिल दहलाने वाली घटना हुई है। यहां पर थाथोपुर इलाके में दरभंगा की हयाघाट विधानसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार रवींद्र नाथ सिंह उर्फ चिंटू सिंह पर जानलेवा हमला हुआ। उन पर रात के समय कुछ अज्ञात हमलावरों ने गोली चला दी। उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। वहीं हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

प्रत्याशी रमेश कुशवाहा पर भी हो चुका हमला

हाल हीं में बिहार रालोसपा (राष्ट्रीय लोक समता पार्टी) प्रत्याशी रमेश कुशवाहा पर जानलेवा हमला हुआ है। उन पर कुछ अज्ञात बाइक सवारों ने गोली चलाई थी। हालांकि उन्होंने किसी तरह से छुपकर अपनी जान बचाई थी। इसके पहले अक्टूबर में दलित नेता शक्ति मलिक की तीन लोगों ने पूर्णिया स्थित उनके आवास पर गोली मार कर हत्या कर दी थी। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल गए जहां डाॅक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। इस घटना के बाद से इलाके में तनाव व्याप्त हुआ था।

तीसरे चरण का मतदान 7 नवंबर को होगा

बिहार में 78 सीटों के लिए तीसरे चरण का मतदान 7 नवंबर को होगा। इसमें 33,782 मतदान केंद्रों में 33,782 कंट्रोल यूनिट, 45,953 बैलेट यूनिट और 33,782 वीवीपैट का उपयोग किया जाएगा। परिणाम 10 नवंबर को घोषित किया जाएगा। इस दाैरान कुल 2,35,54,071 मतदाता उम्मीदवारों की किस्मत लिखेेंगे। इसमें 1,23,25,780 पुरुष मतदाता हैं, जबकि 1,12,05,378 महिलाएं और सामान्य श्रेणी में 894 थर्ड जेंडर वोटर हैं। इसके अलावा 22,019 सर्विस वोटर हैं।