- 1354 प्रत्याशियों ने पहले चरण में दाखिल किया था पर्चा

- 264 का पर्चा स्क्रूटनी में विभिन्न कारणों से नहीं पाया गया था वैध

-गया टाउन से सबसे अधिक 27 प्रत्याशी मैदान में

-कटोरिया से सबसे कम पांच प्रत्याशी

PATNA :

बिहार के महासमर में पहले चरण की 71 विधानसभा सीटों के लिए 1354 प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया था, लेकिन स्क्रूटनी और नाम वापसी के बाद अब 1065 प्रत्याशी मैदान में हैं। राज्यभर में 25 प्रत्याशियों ने अपना नाम वापस ले लिया है। इसके पहले स्क्रूटनी में विभिन्न कारणों से 264 का नामांकन पत्र वैध नहीं पाया गया था। अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि पहले चरण के लिए 1354 प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया था। सबसे ज्यादा गया जिले के अतरी विधानसभा क्षेत्र के 17 प्रत्याशियों का पर्चा रद हुआ है, जबकि सबसे अधिक पालीगंज से तीन प्रत्याशियों ने नाम वापस लिया है।

22 विधानसभा क्षेत्र में होंगी दो-दो ईवीएम

पहले चरण के 71 विधानसभा क्षेत्रों में 22 में 16 से अधिक प्रत्याशी मैदान में हैं। इस कारण यहां दो-दो ईवीएम लगानी पड़ेगी। एक ईवीएम पर अधिकतम 16 चुनाव चिह्न ही अंकित किए जा सकते हैं। सबसे अधिक 27 प्रत्याशी गया शहर से हैं। इस सीट से न किसी का पर्चा रद हुआ और न ही किसी ने नाम वापस लिया है। पटना जिले के पालीगंज और मुंगेर की तारापुर सीट से 25-25 प्रत्याशी मैदान में हैं। गुरुआ, टिकारी, अरवल व शाहपुर से 23-23 और वजीरगंज से 22 प्रत्याशी मैदान में हैं।

कटोरिया से सिर्फ पांच प्रत्याशी

कैमूर जिले की रामगढ़, मोहनियां, भभुआ, चैनपुर सीट और शेखपुरा जिले की बरबीघा और शेखपुरा सीट से किसी प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया है। गया जिले की हाईप्रोफाइल इमामगंज सीट में 10, दिनारा में 19, बांका से 12, लखीसराय से 18 प्रत्याशी मैदान में हैं। सबसे कम कटोरिया से पांच और मोकामा से आठ प्रत्याशी मैदान में हैं। कुटुंबा और मखदूमपुर में नौ-नौ प्रत्याशी मैदान में हैं। इसके अलावा चार विधानसभा क्षेत्र को छोड़कर सभी में दो अंक में प्रत्याशी हैं।

सेंकेंड फेज के लिए दो दिन में 45 नामांकन

सेंकेंड फेज की 94 सीटों के लिए दो दिनों में सिर्फ 45 ने नामांकन पर्चा दाखिल किया है। शुक्रवार को पहले दिन आठ और सोमवार को 37 ने पर्चा भरा है। दूसरे चरण के लिए 16 अक्टूबर तक नामांकन पर्चा स्वीकार किए जाएंगे।