- बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में राज्य सरकार के मंत्री से लेकर वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं का अभिनंदन

- बीजेपी मुख्यालय से लेकर बूथ स्तर पर सम्मान समारोह की रही धूम

PATNA: बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में ट्यूजडे को पार्टी के 41वें स्थापना दिवस पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष डॉ। संजय जायसवाल ने मुख्यालय परिसर में पार्टी का झंडा फहराने के बाद दीप प्रज्ज्वलित कर स्थापना दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर स्थापना काल के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का प्रदेश अध्यक्ष और मंत्रियों ने अभिनंदन किया। प्रदेश मुख्यालय में आयोजित समारोह में पार्टी के मुंबई स्थापना अधिवेशन 1980 में भाग लेने वाले संस्थापक कार्यकर्ताओं को सम्मान स्वरूप प्रतीक चिह्न भेंटकर और शॉल ओढ़ाकर कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन भाजपा के प्रदेश मंत्री सजल झा ने किया।

बूथ अध्यक्ष के आवास पर लगाया गया झंडा

उप मुख्यमंत्री तार किशोर प्रसाद, रेणु देवी, कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह, श्रम संसाधन मंत्री जीवेश मिश्रा, खान एवं भूतत्व मंत्री जनक राम, पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी ने सम्मान समारोह को संबोधित किया। इसके अलावा सभी बूथ अध्यक्ष के आवास पर पार्टी का झंडा लगाया गया। मिठाइयां बांटी गई। कार्यक्रम में वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी के गौरवशाली इतिहास एवं उत्तरोत्तर विकास पर चर्चा के साथ-साथ एनडीए सरकार की उपलब्धियों एवं योजनाओं के बारे में बताया। उधर, जिलों से लेकर बूथ पर आयोजित स्थापना दिवस समारोह में पार्टी के मंत्री से लेकर सांसद, विधायक एवं अन्य बड़े नेता शामिल हुए। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इंटरनेट मीडिया पर लाइव संबोधन सुना। स्थापना दिवस पर भाजपा प्रदेश मुख्यालय को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है।

ये किए गए सम्मानित

कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व मंत्री नंदकिशोर यादव और प्रदेश मुख्यालय प्रभारी सुरेश रूंगटा को सम्मानित किया गया। इसी तरह पूर्व विधान पार्षद बालेश्वर सिंह भारती, पूर्व विधायक रामजन्म शर्मा, विधायक संजीव चौरसिया, वरिष्ठ कार्यकर्ता सुरेंद्र तिवारी, सुरेश चौधरी, संत लाल राय, राधा रानी सिंह, कुमुद किशोर पांडेय, राधे श्याम पाठक, वीरेन्द्र सिंह, सुगन सिंह, शंभू प्रसाद, अयोध्या प्रसाद, वैद्य त्रिपुरारी शरण शर्मा, किरण शंकर, अर्जुन गुप्ता और शशिभूषण सिंह को प्रतीक चिह्न एवं शॉल देकर सम्मानित किया गया।