-बात नहीं मानने पर दबंगों ने लड़के की भाभी और मां की कर दी पिटाई

ARARIYA: बिहार के अररिया जिला अंतर्गत रामघाट में दबंगों ने प्रेमी जोड़े को शादी करने पर भोज देने के साथ ही दो लाख रुपए कैश जमा करने का फरमान सुनाया है। जब शादी करने वाले युवक ने दबंगों की मांग पूरी करने में आर्थिक समस्या बताई तो बुधवार की सुबह उसके घर में घुसकर लड़के की भाभी व मां के साथ मारपीट की गई। बाद में प्रेम विवाह करने वाले युवक-युवती ने थाने में मदद की गुहार लगाई है।

नरपतगंज में मामला दर्ज

लड़के की भाभी सीता देवी ने बुधवार को नरपतगंज थाने में मामला दर्ज कराया है। सीता देवी ने बताया कि उनका देवर सुमन यादव उत्तर प्रदेश के फैजाबाद में मजदूरी करता है। वहां उषा से प्रेम हुआ और उसे लेकर गांव चला आया। दोनों ने शादी कर ली। गांव के ही मुन्ना यादव, अमरेंद्र यादव, अरुण यादव, किशन कुमार, गणेश यादव व बेचन यादव ने घर में घुसकर मारपीट की। सास सुदामा देवी के साथ भी मारपीट की गई।

मना करने पर की गई मारपीट

उन्होंने बताया कि इससे पूर्व सभी ने कहा कि उत्तर प्रदेश से लड़की लाने के उपलक्ष्य में दो लाख रुपये नकद और भोज देना होगा। मना करने पर मारपीट की गई। यह भी कहा गया कि उनकी बात नहीं मानने पर घर में आग लगा दी जाएगी। सीता देवी ने आरोप लगाया कि उनकी देवरानी के साथ भी आरोपितों ने छेड़खानी का प्रयास किया। नवविवाहित जोड़े सुमन व उषा ने आशंका जाहिर की कि उनकी जान को खतरा है। गांव वाले कुछ भी कर सकते हैं।

जल्द आरोपी होंगे गिरफ्तार

इस मामले में नरपतगंज थानाध्यक्ष एमए हैदरी ने बताया कि मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उधर, आरोपित मुन्ना यादव समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि वे लोग गांव में लड़की को सुरक्षा दे रहे हैं। बेवजह उन्हें फंसाया जा रहा है। यद्यपि, इंटरनेट मीडिया पर लड़के के पिता को खूंटे में बांधकर पीटने की भी बात कही जा रही है, जिसका केस में नहीं जिक्र नहीं है।