- राज्य में एक्टिव केस की संख्या बढ़कर हुई 9357

PATNA :

तमाम प्रयासों और कोशिशों के बाद भी राज्य में कोरोना काबू में नहीं आ रहा है। एक अप्रैल से राज्य में जिस रफ्तार से संक्रमित मिलने शुरू हुए हैं उसमें कमी आने की बजाय रफ्तार और बढ़ती ही जा रही है। तकरीबन 230 दिन बाद शुक्रवार को एक बार फिर 2174 कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसके पहले 23 अगस्त को बिहार से एक दिन में 2247 कोरोना पॉजिटिव मिले थे।

सिर्फ नौ जिलों से मिले 1445 संक्रमित

प्रदेश के नौ जिलों से आज सर्वाधिक पॉजिटिव मिले हैं। इन जिलों में पहले नंबर पर पटना है। पटना से आज 661 पॉजिटव मिले। इसके बाद गया से 191, भागलपुर से 163, मुजफ्फरपुर से 106, जहानाबाद से 73, सारण से 71, मुंगेर से 70, समस्तीपुर से 56, रोहतास से 52 संक्रमित मिलाकर कुल 1445 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

संक्रमितों की संख्या बढ़कर नौ हजार के पार

2174 संक्रमित मिलने के साथ ही राज्य में एक्टिव केस की संख्या नौ हजार के पार हो गई है। राज्य में अब कुल संक्रमित 9357 हो गए हैं। बता दें कि राज्य में एक अप्रैल को एक्टिव केस की संख्या 1907 थी। आज नौ दिन में बढ़कर यह नौ हजार के पार हुई है।

पांच दिन से लगातार बढ़ाए जा रहे कोविड टेस्ट

स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार संक्रमण को नियंत्रण में करने के लिए कोविड टेस्ट की संख्या लगातार बढ़ाई जा रही है। शुक्रवार को 90751 टेस्ट किए गए। इसके पूर्व गुरुवार को 89704 टेस्ट किए गए थे। पांच दिन पहले तक 72400 के करीब टेस्ट रोज हो रहे थे।